फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

TOP News: असम में हिमंत की ताजपोशी; केरल में CM पर सस्पेंस बरकरार; पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

Tue, 12 May 2026 06:24 AM IST
राकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आज मंगलवार, 12 मई 2026 की तारीख में देश-दुनिया की अहम खबरों की श्रृंखला लेकर एक बार फिर अमर उजाला हाजिर है। सबसे पहले बात करेंगे असम की, जहां हिमंत बिस्व सरमा दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की कमान संभालेंगे। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मंच पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन दौरे ने हलचल बढ़ा दी है; शी जिनपिंग से उनकी मुलाकात पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हैं कि क्या व्यापारिक तनाव कम होगा। इधर, केरल में मुख्यमंत्री के चेहरे पर सस्पेंस के बीच कांग्रेस नेता सुधाकरन दिल्ली तलब किए गए हैं, जिस पर भाजपा ने तंज कसा है। सामरिक मोर्चे पर नौसेना प्रमुख एडमिरल स्वामीनाथन ने हुंकार भरते हुए स्पष्ट किया है कि सीमा पार से किसी भी दुस्साहस का अंत होगा और ऑपरेशन सिंदूर जारी रहेगा। राजधानी दिल्ली के लिए राहत की खबर है, जहां बैरियर-लेस एमएलएफएफ सिस्टम के साथ नो-स्टॉप टोल की शुरुआत हो गई है। हालांकि, गंगा एक्सप्रेसवे पर बढ़ते हादसों और बेलगाम रफ्तार ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। खेल जगत में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब को हराकर आईपीएल इतिहास का अपना दूसरा सबसे बड़ा रनचेज पूरा किया, जबकि सिनेमा के पर्दे पर राजा शिवाजी की रफ्तार अब धीमी पड़ती दिख रही है। देश-दुनिया की ये तमाम अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक में...
विज्ञापन

Assam CM Oath LIVE: हिमंत बिस्व सरमा दूसरी बार संभालेंगे कमान, गुवाहाटी में भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी

असम मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह 2026 - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

आज गुवाहाटी सिर्फ शपथ ग्रहण का गवाह नहीं बनेगा, बल्कि असम की राजनीति का सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन भी देखेगा। गुवाहाटी के खानापारा में होने वाले समारोह के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा लगातार दूसरी बार सत्ता संभालेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा समेत कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। पूरे इलाके को हाई सिक्योरिटी जोन में बदल दिया गया है। भाजपा इस शपथ ग्रहण को पूर्वोत्तर में अपनी लगातार मजबूत होती पकड़ के प्रतीक के तौर पर पेश कर रही है। चुनाव में विकास, कानून-व्यवस्था और आक्रामक संगठनात्मक रणनीति के दम पर एनडीए ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की। अब नजरें नए मंत्रिमंडल और हिमंत सरकार के अगले बड़े संदेश पर टिकी हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का चीन दौरा: शी जिनपिंग से मुलाकात पर टिकी निगाहें, व्यापारिक तनाव कम होने की उम्मीद

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : ANI
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने आगामी चीन दौरे को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस यात्रा को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि इस दौरे से दोनों देशों के बीच कुछ बड़ी और सकारात्मक चीजें होने जा रही हैं। यह हाई-प्रोफाइल यात्रा 13 से 15 मई के बीच निर्धारित है। इस दौरान ट्रंप चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...
 

केरल में CM पर सस्पेंस बरकरार: दिल्ली पहुंचे कांग्रेस नेता सुधाकरन; बोम्मई बोले- दूसरों के सहारे चल रही पार्टी

के सुधाकरन और बसवराज बोम्मई - फोटो : ANI

केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी सस्पेंस के बीच के. सुधाकरन दिल्ली रवाना हो गए हैं। कांग्रेस आलाकमान के साथ होने वाली अहम बैठक में राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा होने की संभावना है। दिल्ली रवाना होने से पहले सुधाकरन ने कहा कि वह 'खुश और मुस्कुराते हुए' वापस लौटेंगे, लेकिन मुख्यमंत्री चयन पर खुलकर कुछ नहीं बोले। दिल्ली पहुंचे अन्य वरिष्ठ नेताओं में वी. एम. सुधीरन और एम. एम. हसन भी शामिल हैं। दोनों नेताओं ने कहा कि वे आलाकमान को केरल की राजनीतिक स्थिति की जानकारी देंगे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...
 

जरूरी सामानों की आपूर्ति ठप: ईरान ने पल्ला झाड़ा, कहा- US और इस्राइल जिम्मेदार, ट्रंप ने रचा आर्थिक चक्रव्यूह

पश्चिम एशिया संघर्ष - फोटो : अमर उजाला प्रिंट
पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष ने पूरी दुनिया की कमर तोड़ दी है। आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह चरमरा गई है। इस बीच ईरान ने कहा है कि भारत समेत अन्य देशों की दुर्दशा के लिए वह जिम्मेदार नहीं है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सारा ठीकरा अमेरिका और इस्राइल पर फोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान इस स्थिति से खुश नहीं है, लेकिन यह जंग उन पर थोपी गई है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...
 

बंगाल में नियुक्तियों पर बवाल: कांग्रेस ने लगाया आरोप, जयराम रमेश बोले- चुनाव आयोग और भाजपा में साठगांठ

जयराम रमेश, कांग्रेस महासचिव - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
कांग्रेस पार्टी ने पश्चिम बंगाल में हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोमवार को कांग्रेस ने राज्य के नए मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री के सलाहकार की नियुक्तियों पर गंभीर सवाल उठाए। देश की मुख्य विपक्षी पार्टी का दावा है कि ये नियुक्तियां चुनाव आयोग और भाजपा के बीच 'खुली मिलीभगत' का सबूत हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान पर्दे के पीछे बड़ा खेल खेला गया था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...
 

नौसेना प्रमुख स्वामीनाथन की हुंकार: कहा- सीमा पार से दुस्साहस का होगा अंत, जारी रहेगा ऑपरेशन सिंदूर

नौसेना के उप प्रमुख वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन - फोटो : ANI

भारतीय नौसेना के मनोनीत प्रमुख वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने सोमवार को संदेश दिया कि भारत सीमा पार से होने वाले किसी भी दुस्साहस को कुचलने के लिए पूरी तरह तैयार है। पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ स्वामीनाथन ने कहा कि भारत दशकों से आतंकवाद का शिकार रहा है। अब देश अपनी धरती पर किसी भी आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा, खासकर तब जब वह विदेशी जमीन से संचालित हो। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...
 

दिल्ली में शुरू हुआ नो-स्टॉप टोल: अब बिना रुके गुजरेंगी गाड़ियां, बैरियर-लेस एमएलएफएफ सिस्टम लॉन्च

भारत का पहला बैरियर-फ्री (MLFF) टोल सिस्टम - फोटो : एएनआई

दिल्ली देश का दूसरा शहर बन गया है, जहां यह हाईटेक बैरियर-फ्री टोलिंग सिस्टम शुरू हुआ है। इससे पहले गुजरात के सूरत-भरूच कॉरिडोर पर इस तकनीक को लागू किया गया था। नई प्रणाली में पारंपरिक टोल बूथ और बैरियर नहीं हैं। सड़क के ऊपर लगाए गए हाई-रिजोल्यूशन कैमरे, सेंसर और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) तकनीक वाहन की नंबर प्लेट पढ़ते हैं और फास्टैग से लिंक खाते से स्वत: टोल राशि काट लेते हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...

गंगा एक्सप्रेसवे: बेलगाम रफ्तार बन रही जानलेवा, लगातार हादसों से प्रशासन अलर्ट, ट्रॉमा सेंटर खोलने की तैयारी

गंगा एक्सप्रेसवे - फोटो : अमर उजाला

बदायूं जिले से करीब 92 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे गुजर रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक्सप्रेसवे से सटे तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों वजीरगंज, बिनावर व दातागंज को चिन्हित किया गया है। इन सीएचसी पर पांच-पांच बेड रिजर्व रखे जाएंगे। इसके अलावा डॉक्टरों, स्टाफ नर्स और पैरामेडिकल कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी। गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस भी चौबीस घंटे तैनात रहेंगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...

PBKS vs DC: दिल्ली का दूसरा सबसे बड़ा सफल रनचेज, प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार; पंजाब के नाम अनचाहा रिकॉर्ड

पंजाब बनाम दिल्ली - फोटो : IANS
मिचेल स्टार्क और माधव तिवारी की घातक गेंदबाजी के बाद अक्षर पटेल और डेविड मिलर की तूफानी अर्धशतकीय पारियों के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को तीन विकेट से हरा दिया। सोमवार को धर्मशाला में खेले गए आईपीएल मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने प्रियांश आर्या (56) और श्रेयस अय्यर (59*) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 19 ओवर में सात विकेट पर 216 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। पंजाब के लिए अर्शदीप और यश ठाकुर ने दो-दो विकेट लिए जबकि बेन ड्वार्शुइस और मार्कस स्टोइनिस के नाम एक-एक विकेट रहा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...
 

Raja Shivaji VS Ek Din Box Office: वीकएंड के बाद घटी 'राजा शिवाजी' की कमाई; आखिरी सांसें गिन रही 'एक दिन'

राजा शिवाजी - फोटो : सोशल मीडिया

रितेश देशमुख अभिनीत फिल्म 'राजा शिवाजी' ने वीकएंड पर शानदार प्रदर्शन किया था। बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई 60 करोड़ पार हो चुकी है। यह फिल्म 01 मई को रिलीज हुई थी। इसी के साथ जुनैद खान और साई पल्लवी की 'एक दिन' ने भी दस्तक दी थी। जानिए आज 11वें दिन दोनों फिल्मों का कितना कलेक्शन रहा? यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

Weather: दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश का अलर्ट; पहाड़ पर बर्फबारी की चेतावनी, राजस्थान-गुजरात में लू बरपाएगा कहर

दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश के आसार - फोटो : ANI
देश के मौसम ने एक बार फिर तेज करवट ली है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर भारत के बड़े हिस्से में अगले कुछ दिनों तक तेज हवाएं, धूल भरी आंधी, बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरण प्रणालियों के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम अस्थिर बना रहेगा। जहां दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है, वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। दूसरी ओर राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में लू और गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें