स्कूटर पर लदे पटाखों के बैग में धमाका
- फोटो : social media
दिवाली के दिन तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूटर पर लदे पटाखों के बैग में धमाके हो जाने की वजह से पिता और पुत्र की मौके पर मौत हो गई। पटाखों से लदे बैग के फटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, गुरुवार दोपहर 35 वर्षीय केए कलानिसान और उनका 7 वर्षीय बेटा पुडुचेरी की सीमा से लगे विल्लुपुरम जिले के कूनेमिड्यू जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि जब वे दोनों अपने स्कूटर से चिन्ना कोट्टाकुप्पम गांव को पार कर रहे थे तो बैग में रखे पटाखों में गलती से विस्फोट हो गया। इसके बाद भारी धमाका हुआ। पिता और पुत्र दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जिस समय धमाका हुआ, सड़क पर उस समय काफी आवाजाही थी। इस कारण विस्फोट स्थल पर मौजूद तीन लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, दुर्घटना की जांच कर रहे एक अधिकारी ने बताया, लड़का दोपहिया वाहन के आगे कसकर बंधे पटाखों के दो बंडलों पर बैठा था। हमारा मानना है कि घर्षण और दबाव के कारण विस्फोट हुआ। बता दें कि उसने बुधवार को ही खरीदारी कर इन पटाखों को अपने ससुर के घर पर रख दिया था।
कलानिसान ने देशी पटाखों के दो बैग लिए थे। इसमें विस्फोट हुआ और स्कूटर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। विल्लुपुरम के डीआईजी, एम. पांडियन और विल्लुपुरम के पुलिस अधीक्षक, एन. श्रीनाथ ने दुर्घटना स्थल का दौरा किया। पुलिस के मुताबिक धमाके की आवाज काफी तेज थी। मामले में पुलिस ने उसके ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।