अफगानिस्तान vs ऑस्ट्रेलिया टेस्ट
- फोटो : सोशल मीडिया
ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप के बाद होने वाले टेस्ट को स्थगित कर दिया है। उन्होंने यह फैसला अफगानिस्तान में तालिबान शासन के विरुद्ध लिया है। तालिबान शासन होने के बाद से अफगानिस्तान में महिलाओं के खेलने पर बैन लगा दिया गया है। वे इसे इस्लामी कानून के खिलाफ मानते हैं। इसका अंजाम अफगानिस्तान के पुरुष टीम को भी भुगतना पड़ रहा है।
ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच क्रिकेट इतिहास का यह पहला टेस्ट मैच होता। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने अपने बयान में कहा- हम पुरुष और महिलाओं को बराबरी का हक देने के पक्ष में हैं। महिलाओं को बैन करने का फैसला सही नहीं है। ऐसे में हम पुरुष टीम के खिलाफ भी फिलहाल नहीं खेलेंगे।
हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान के खिलाड़ियों को बिग बैश में खेलने से नहीं रोका है। सीए ने कहा कि बिग बैश में अफगानी खिलाड़ियों को जरूर मौका मिलेगा। फिलहाल टेस्ट को स्थगित किया गया है, लेकिन उम्मीद है कि भविष्य में हम अफगानिस्तान के साथ टेस्ट मैच भी खेलेंगे।
सीए ने कहा- हम यह भी उम्मीद करते हैं कि अफगानी महिलाओं को भी खेलने का मौका मिलेगा। ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच पिछले साल ही यह टेस्ट होना था, लेकिन कोरोना के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।