भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को माला पहनाई।
- फोटो : ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया की अपनी तीन देशों की यात्रा के समापन के बाद गुरुवार तड़के दिल्ली लौटे। पीएम मोदी का दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत हुआ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पीएम मोदी के भारत आगमन पर उनका स्वागत करने के लिए गुरुवार सुबह दिल्ली के पालम हवाईअड्डे पहुंचे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ विदेश राज्यमंत्री (एमओएस) मीनाक्षी लेखी, पूर्व केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, दिल्ली के सांसद रमेश विधूड़ी, हंस राज हंस और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी भी मौजूद रहे।
जेपी नड्डा ने कही यह बात
जेपी नड्डा ने पालम हवाई अड्डे पर पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि दुनिया आपके गवर्नेंस मॉडल की सराहना करती है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने आपसे ऑटोग्राफ मांगा, इससे पता चलता है कि दुनिया आपके नेतृत्व में भारत को किस नजर से देख रही है।
पीएम मोदी के नेतृत्व की वजह से नया भारत देख रही दुनिया: विदेश मंत्री जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जापान, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया की अपनी तीन देशों की यात्रा के समापन के बाद प्रधानमंत्री के भारत आगमन पर कहा कि आज दुनिया पीएम मोदी के नेतृत्व के कारण एक नया भारत देख रही है। विदेश मंत्री ने कहा, पापुआ न्यू गिनी के पीएम ने कहा कि उनके लिए पीएम 'विश्व गुरु' हैं। ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने पीएम मोदी को 'द बॉस' कहा। विदेश मंत्री ने आगे कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपना आभार व्यक्त करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, अगर आज भारत की छवि, भारत की प्रतिष्ठा, दुनिया में भारत का स्थान इतना ऊंचा हुआ है तो यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण है। जयशंकर ने कहा, मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि मेरे लिए यह एक नई शुरुआत है।
बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता हुए जमा
पीएम मोदी के स्वागत के लिए पालम एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक भी जमा हुए। पालम एयरपोर्ट के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। कार्यकर्ता खुशी में नाचते और और ढोल-नगाड़े बजाते दिखे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा, लोग यहां पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए हैं क्योंकि उन्होंने हमें और पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
पीएम मोदी का स्वागत करने पालम एयरपोर्ट के बाहर उमड़े भाजपा कार्यकर्ता...
तीन देशों के दौरे से लौटने के बाद काम में जुटेंगे पीएम
पीएम मोदी तीन देशों का दौरा और 50 से ज्यादा कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर स्वदेश लौट आए हैं। दिल्ली आने के कुछ देर बाद ही प्रधानमंत्री कामकाज में जुट जाएंगे। सुबह नौ बजे अधिकारियों के साथ उनकी बैठक तय है। उसके बाद सुबह 11 बजे वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये दिल्ली-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा भी उनके दिन भर कार्यक्रम तय हैं।