विपक्षी दल अपने ही परिवारों को सशक्त बना रहे : नड्डा
हैदराबाद। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को कहा, भाजपा जहां गरीबों को सशक्त बनाने में जुटी है, उनके कल्याण के लिए काम कर रही है, वहीं विपक्षी दल सिर्फ अपने परिवारों को मजबूत कर रहे। विपक्ष लगातार केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों को नाकाम करने की कोशिश कर रहा है।
दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक में अपने उद्घाट भाषण में नड्डा ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने के उत्साह में विपक्ष देश का विरोध करना शुरू कर दिया है। ये लोग सरकार के अच्छे कदमों व कल्याणकारी योजनाओं का भी विरोध सिर्फ इसलिए कर रहे हैं क्योंकि इन्हें मोदी का विरोध करना है।
ये पार्टियां सिर्फ यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि सरकारी कार्यक्रम विनाशकारी हैं। जबकि भाजपा गरीबों को सशक्त करने की दिशा में काम कर रही है। विपक्षी दल सिर्फ अपने परिवारों को मजबूत कर रहे और पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।
सुशासन के आठ वर्षों लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए नड्डा ने कहा, एक के बाद एक विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिल रही जीत पीएम मोदी की कल्याणकारी नीतियों का नतीजा है।
भाजपा ने कई अंधविश्वास तोड़े : योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा, यूपी के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपनी ऐतिहासिक जीत से कई अंधविश्वास तोड़े हैं। तमाम मिथकों को धूल-धूसरित करते हुए पार्टी ने दोबारा सरकार बनाई है। उन्होंने कहा, अब पीएम मोदी के नेतृत्व में एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना साकार हो रही है।
योगी करेंगे चारमीनार इलाके के भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा
भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में हैदराबाद पहुंचे उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को चारमीनार इलाके में स्थित भाग्य लक्ष्मी माता मंदिर में पूजा करेंगे। उनके वहां पहुंचने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।