भ्रष्टाचार के मामले में जांच का सामना कर रहे महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और एनसीपी नेता अनिल देशमुख के खिलाफ जांच की सीबीआई की एक कथित प्राथमिक रिपोर्ट कुछ दिन पहले मीडिया में लीक हुई थी। इसमें कथित तौर पर देशमुख को निर्दोष बताया गया था। अब एनसीपी ने इस रिपोर्ट को बिल्कुल सही बताया है।
महाराष्ट्र में सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने गुरुवार को दावा किया कि राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख से संबंधित सीबीआई की कुछ दिनों पहले लीक हुई जांच रिपोर्ट एकदम सही है। इस रिपोर्ट में कथित तौर पर भ्रष्टाचार के एक मामले में देशमुख को क्लीन चिट दी गई थी।
यह दावा एनसीपी के वरिष्ठ नेता और राज्य के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री नवाब मलिक ने किया। मलिक ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अब केंद्रीय जांच एजेंसी यह दावा कर रही है कि यह जांच रिपोर्ट रिश्वत देने के बाद लीक की गई थी और उसने इस संबंध में एक आपराधिक मामला भी दर्ज किया है।
मलिक ने कहा, लेकिन सीबीआई यह नहीं कह रही है कि रिपोर्ट गलत है या फर्जी है। उन्होंने कहा,'खुद को बचाने के लिए सीबीआई कह रही है कि रिपोर्ट के साथ छेड़खानी हुई है। अगर इस रिपोर्ट को अदालत में पेश किया जाए तो अनिल देशमुख को राहत मिल जाएगी। जो भी हो रहा है वह राजनीति से प्रेरित है।'
सीबीआई ने देशमुख के वकील आनंद डागा को बॉम्बे उच्च न्यायालय की ओर से निर्देश पर की गई प्रारंभिक जांच को कथित रूप से विफल करने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। वहीं, आनंद डागा से रिश्वत लेने के आरोप में एजेंसी ने सीबीआई के सब इंस्पेक्टर अभिषेक तिवारी को भी हिरासत में लिया है।