सोशल मीडिया के इस दौर में लोगों को झुकाव मोबाइल फोन की ओर बढ़ता ही जा रहा है। लोग अपनों से दूर होते जा रहे हैं, और ज्यादातर वक्त मोबाइल फोन के जरिए सोशल मीडिया पर बिताने लगे हैं। इसी बीच नागपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक किशोर ने मोबाइल तोड़ने पर एक युवक की हत्या कर दी।
नागपुर शहर के वाथोडा इलाके में एक किशोर ने मोबाइल फोन तोड़ने पर एक मजदूर की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सालिराम उर्फ रिंकू कुमार (31) के रूप में हुई है और किशोर को बुधवार देर रात हुई इस घटना के बाद हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने कहा कि कुमार और आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित को अपने पैतृक गांव में अपने रिश्तेदार को फोन करना था, इसलिए उसने किशोर से उसका मोबाइल फोन मांगा, लेकिन पहले उसने देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद कुमार ने किशोर के मोबाइल फोन से अपने रिश्तेदार फोन किया और बाद में जमीन पर पटककर उसे तोड़ दिया। पुलिस ने कहा कि मोबाइल टूटने के बाद किशोर गुस्से में आ गया और कुमार पर जानलेवा हमला कर दिया।