मुंबई पुलिस ने ठाणे जिले से दो लोगों को यौन शोषणके आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोप है कि वे सोशल मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए अश्लील तस्वीरें और वीडियो भेजकर कथित तौर पर 10 साल की बच्ची को परेशान कर रहे थे। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों ने नाबालिग को अपनी तस्वीरें और वीडियो साझा करने के लिए मजबूर किया और ऐसा नहीं करने पर उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान भिवंडी निवासी सन्नी भजनलाल जनियानी (29) और अजय तुकाराम म्हात्रे (30) के रूप में हुई है।
पिता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई
उन्होंने बताया कि घटना का पता गुरुवार दोपहर को तब चला, जब लड़की के पिता ने मेघवाड़ी पुलिस थाने में शिकायत की कि दो अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी का यौन उत्पीड़न कर रहे हैं। यह सब सोशल मैसेजिंग एप के जरिए किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लड़की के माता-पिता ने उसे ऑनलाइन पढ़ाई के लिए एक स्मार्टफोन दिया था, लेकिन जब उसने स्नैपचैट ऐप पर लॉग इन किया, तो उसे एक अज्ञात व्यक्ति से अश्लील तस्वीरें और वीडियो मिलने लगे। वह उसे बार-बार तस्वीरें और वीडियो भेजता था। उसने अपने दोस्त को भी लड़की का नंबर दिया। इसके बाद वह भी स्नैपचैट और व्हाट्सएप पर लड़की को परेशान करने लगा।
पहले को भिवंडी और दूसरे को ठाणे से पकड़ा
उन्होंने बताया कि लड़की इन सब बातों से काफी डर गई, लेकिन उसने किसी से भी इस बारे में बात नहीं की। इसके बाद आरोपी उस पर अपनी फोटो और वीडियो भेजने का दबाव बनाने लगे। उन्होंने लड़की को ऐसा न करने पर उसके माता-पिता को जान से मारने की भी धमकी दी। इसके बाद लड़की ने अपने परिजन को यह बात बताई। डीसीपी दत्ता नलावड़े ने बताया कि शिकायत के आधार पर हमने जांच शुरू की और एक आरोपी के मोबाइल को भिवंडी में ट्रेस किया। इसके बाद टीम ने उसे गिरफ्तार किया। दूसरे आरोपी को ठाणे से गिरफ्तार किया गया।