लोकसभा चुनाव 2019 के महासंग्राम का दूसरा चरण भी गुरुवार को पूरा हो गया। पहले चरण में 11 अप्रैल को 20 राज्य की 91 सीटों और दूसरे चरण में 18 अप्रैल को 12 राज्य की 95 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुका है। अब 23 अप्रैल को तीसरे चरण का मतदान होना है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, योगी आदित्यनाथ, अखिलेश, मायावती, मुलायम सिंह समेत कई राजनेताओं की रैलियां जारी है। आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी यहां मिलेगी।
-चुनाव आयोग ने आगरा उत्तर, दार्जिलिंग विधानसभा सीट के लिए 19 मई को मतदान कराने का फैसला लिया। नतीजा 23 मई को आएगा। आगरा उत्तर के भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग की 10 अप्रैल को मौत हो गई थी। जबकि दार्जिलिंग के विधायक अमर सिंह राय टीएमसी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
-हार्दिक पटेल का आरोप, जिस तरह हरेन पंडया की हत्या हुई उसी तरह भाजपा मुझपर हमले और हत्या की कोशिश कर रही है। जिस आदमी ने मुझे थप्पड़ मारा वो भाजपा नेता से जुड़ा हुआ है। आप उसके फेसबुक प्रोफाइल में देख सकते हैं।
-कानपुर में इंदिरा गांधी से तुलना करने पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, मैं इंदिरा जी के सामने कुछ नहीं हूं, लेकिन जो सेवा की भावना उनके दिल में थी, मेरे दिल में है, मेरे भाई के दिल में है, ये हमारे दिल से कोई निकाल नहीं सकता। हम सेवा करेंगे, आप चाहे मौका दें या न दें।
-गुजरात कांग्रेस ने राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी को पत्र लिखकर हार्दिक पटेल की वाई श्रेणी सुरक्षा बहाल करने की मांग की।
-चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के चुनाव प्रचार पर 48 घंटे के लिए रोक लगा दी है। उन पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप है।
-मछलीशहर से भाजपा सांसद रामचरित्र निषाद ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में थामा समाजवादी पार्टी का दामन।
-महाराष्ट्र में कांग्रेस और राकांपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा की इस टिप्पणी पर शुक्रवार को माफी की मांग की कि एटीएस के तत्कालीन प्रमुख हेमंत करकरे उनके द्वारा दिये गए ‘‘शाप’’ की वजह से मुम्बई आतंकवादी हमले के दौरान मारे गए थे। प्रदेश भाजपा इकाई ने ठाकुर की इस टिप्पणी से स्वयं को यह कहते हुए अलग कर लिया कि वह मुंबई आतंकवादी हमले में मारे गए सभी अधिकारियों और जवानों को शहीद मानती है। राकांपा प्रवक्ता नवाब मलिक ने प्रज्ञा ठाकुर को एक ‘‘आतंकवादी’’ बताते हुए कहा कि उन्हें टिकट देने का भाजपा का निर्णय आतंकवाद से लड़ने का उसका ढोंग दिखाता है।
-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने प्रधानमंत्री मोदी का नाम लिए बिना शुक्रवार को कहा कि जिसका परिवार ही न हो वह इसे कैसे समझ सकता है।बारामती में पुरंदर में अपनी बेटी व राकांपा सांसद सुप्रिया सुले के लिए चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पूर्व कृषि मंत्री ने मोदी सरकार पर किसानों के हित को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह “जब तक जिंदा हैं” तब तक किसानों का समर्थन करेंगे। मोदी ने एक अप्रैल को वर्धा में रैली के दौरान पवार पर निशाना साधते हुए कहा था कि उनके भतीजे एवं महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की वजह से पैदा हुई पारिवारिक कलह की वजह से राकांपा पर उनकी पकड़ कमजोर होती जा रही है।
-हेमंत करकरे पर साध्वी प्रज्ञा के बयान को लेकर भाजपा ने सफाई दी है। पार्टी ने विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा उन्हें शहीद मानती है। ये साध्वी प्रज्ञा का निजी बयान है जो उन्होंने उस शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की वजह से दिया होगा जो उन्हें झेलनी पड़ी।
-कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने प्रियंका चतुर्वेदी के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया दी है। सुरजेवाला ने कहा कि जब भी कोई पार्टी छोड़ता है तो ये हमारे लिए दर्दनाक होता है। हम प्रियंका चतुर्वेदी को शुभकामनाएं देते हैं। मैं ये मानता हूं कि ये मेरी नेतृत्व क्षमता पर विचार करने का समय भी है।
-इटावा में बोले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ: आज दुनिया में कहीं भी चुनाव हों, भारत और पीएम मोदी मुद्दा जरूर होते हैं। 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अगर वो राष्ट्रपति बने तो वैसे ही काम करेंगे जैसे भारत के विकास के लिए पीएम मोदी कर रहे हैं।
-प्रियंका चतुर्वेदी से जब हाल में स्मृति ईरानी पर बनाए उनकी पैरोडी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि शिवसेना में शामिल होने पर भी वो ऐसा करती रहेंगी। अगर आप शिवसेना को देखो तो बीते पांच साल में अगर सरकार ने कुछ गलत किया है तो वो भी बोलने से झिझके नहीं हैं। और गाना मैं गाती रहूंगी।
-बंगाल की हुगली सीट से भाजपा उम्मीदवार लॉकेट चैटर्जी ने टीएमस कार्यकर्ताओं पर घर में घुसकर तोड़फोड़ का आरोप लगाया है।
-मध्यप्रदेश के निर्वाचन अधिकारी जानकारी दी है कि हेमंत करकरे पर दिए आपत्तिजनक बयान को लेकर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
-पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में कुछ जगहों से हिंसा की खबरें भी आईं। अब रायगंज से सीपीएम उम्मीदवार मोहम्मद सलीम ने रिटर्निंग अफसर से 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग की मांग की है।
-आप नेता गोपाल राय ने कांग्रेस के साथ गठबंधन के मुद्दे पर कहा है कि आज भी हमने उन्हें मौका दिया है। देश के लोग ये चाहते हैं। हमने कांग्रेस को इस पर सोचने का आखिरी मौका दिया है। देखते हैं क्या होता है।
-उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मायावती के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है जिसमें उन्होंने कहा कि मुलायम, प्रधानमंत्री मोदी की तरह नकली और फर्जी पिछड़े वर्ग के नहीं हैं। मौर्य ने कहा कि एक तरफ 'नकली भतीजा' है तो दूसरी तरफ 'नकली बुआ'। वो इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर प्रधानमंत्री का अपमान कर रहे हैं।
-मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और दक्षिण मुंबई से पार्टी के उम्मीदवार मिलिंद देवड़ा के खिलाफ चुनाव आयोग ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया है।
-सुपरस्टार रजनीकांत से पूछा गया कि अगर विधानसभा उपचुनाव में अन्ना द्रमुक बहुमत से दूर रहती है तो क्या वो चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जब भी इस बारे में घोषणा होगी मैं तैयार हूं। मैं 23 मई के बाद फैसला करूंगा।
-कांग्रेस से इस्तीफा दे चुकीं
प्रियंका चतुर्वेदी शिवसेना में शामिल हो गईं। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली।
पढ़ें पूरी खबर
-प्रियंका चतुर्वेदी के कांग्रेस से इस्तीफे के सवाल पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि यह प्रियंका और कांग्रेस के बीच की बात है। उन्होंने कहा- ठीक है, ये तो उनके और कांग्रेस के बीच में है।
-
ढाई दशक बाद एक मंच पर मायावती संग मुलायम, लोगों से बोले- पहले से ज्यादा वोट से जिताना
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में चुनाव प्रचार के लिए आयोजित सपा-बसपा-रालोद गठबंधन की महारैली में सपा संरक्षण मुलायम सिंह यादव 25 साल बाद बसपा अध्यक्ष मायावती के साथ मंच साझा किया। मुलायम सिंह ने कहा कि मायावती जी का एहसान कभी नहीं भूलूंगा। मायावती हमारे लिए वोट डालने आई हैं। हमें बहुत खुशी हुई। उन्होंने लोगों से अपील की कि हमें पहले से ज्यादा वोट से जिताना।
पढ़ें पूरी खबर
वहीं, बसपा प्रमुख
मायावती ने कहा कि मुलायम जी असली वाले हैं। ये पीएम मोदी की तरह नकली और फर्जी पिछड़े वर्ग के नहीं हैं। ये जन्मजात पिछड़े वर्ग के हैं। कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि सपा के बैनर तले उत्तर प्रदेश में सभी समाज के लोगों को अपनी पार्टी में जोड़ा है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि मोदी कागज में पिछड़े हैं, जबकि हम जन्म से पिछड़े हैं। उन्होंने कहा कि चौकीदार की चौकी छीनने का वक्त आ गया है। वो नए भारत बनाने की बात करते हैं, हम नया प्रधानमंत्री बनाने की।
-पश्चिम बंगाल:
निर्वाचन आयोग ने मुख्यमंत्री
ममता बनर्जी की कथित बायोपिक पर पश्चिम बंगाल के निर्वाचन अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। 'बाघिनी' नाम की यह बायोपिक तीन मई को रिलीज होनी है। भाजपा ने चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने तक फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी। भाजपा ने आयोग से इस बायोपिक की समीक्षा करने का भी आग्रह किया है।
-मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भोपाल से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने अपनी प्रतिद्वंदी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर कहा कि उन्हें बस यही कहना है कि वह भाजपा उम्मीदवार के बारे में कुछ नहीं कहने जा रहे।
-चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को आचार संहिता उल्लंघन का नोटिस जारी किया है। आयोग ने उनसे अमेठी में एक मकान की दीवार पर 'न्याय' योजना के दावे के प्रचार संबंधी बैनर लगाने को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आयोग का कहना है कि यह बैनर मकान मालिक के आदेश के बिना लगाया गया था। आयोग ने 24 घंटे के अंदर उनसे जवाब मांगा है।
-कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। चर्चा है कि वह शिवसेना में शामिल हो सकती है। बदसलूकी करने वाले कार्यकर्ताओं की पार्टी में वापसी के कारण वह पिछले कुछ दिनों से नाराज चल रही थीं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी और महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया के हस्तक्षेप से कार्यकर्ताओं की पार्टी में वापसी हुई थी।
-गुजरात में एक चुनावी रैली में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचे हार्दिक पटेल को एक शख्स ने मंच पर संबोधन के दौरान थप्पड़ जड़ दिया। सुरेंद्रनगर के बलदाणा गांव में वह रैली को संबोधित कर रहे थे। तभी नीचे से एक शख्स आकर मंच पर चढ़ा और सीधे हार्दिक को थप्पड़ मार दिया। हार्दिक पटेल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा उन्हें मरवाना चाहती है। हालांकि खबरों के अनुसार, उन्होंने मीडिया के सामने थप्पड़ मारने वाले शख्स को छोड़ देने की विनती की। उन्होंने कहा कि मैं विनती करता हूं कि इस शख्स को छोड़ दिया जाए, कोई कार्रवाई नहीं किया जाए।
-
पश्चिम बंगाल
नादिया जिला के नोडल मतदान पदाधिकारी अर्णब राय लापता बताए जा रहे हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, दूसरे चरण के मतदान के लिए गुरुवार को बिप्रदास चौधरी पॉलिटेक्निक कॉलेज में उनकी पोलिंग ड्यूटी लगाई गई थी। लंच के बाद से उनका कुछ पता नहीं चल पाया। उनपर ईवीएम और वीवीपैट मशीन की अहम जिम्मेदारी थी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
-पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस प्रमुख एचडी देवगौड़ा ने कहा कि उन्होंने तीन साल पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह चुनाव लड़ने नहीं जा रहे हैं। हालांकि भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी का उदारण देते हुए देवगौड़ा ने कहा कि वो उनकी तरह राजनीति से दूर नहीं होना चाहते हैं। उन्होंने कहा मेरी किसी भी चीज के लिए कोई महत्वाकांक्षा नहीं है, लेकिन मैंने हमेशा कहा कि मैं सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने नहीं जा रहा हूं।
-बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के लिए मैनपुरी में वोट मांगेंगी। वह बरेली में भी एक चुनावी सभा को भी संबोधित करेंगी। अगर मुलायम इस रैली में मंच साझा करते हैं तो 1995 के गेस्ट हाउस कांड के बाद यह पहला मौका होगा जब मुलायम-मायावती एक साथ नजर आएंगे।
पढ़ें पूरी खबर
-कांग्रेस व आम आदमी पार्टी(आप) के बीच बीते चार महीने से चल रही गठबंधन की चर्चा पर आज आखिरी फैसला हो सकता है। एक सीट पर फंसे पेच के बीच संभव है कि शुक्रवार को समझौते पर बातचीत टूटने का एलान हो जाए।
पढ़ें पूरी खबर
-चुनाव आयोग की तरफ से लगाई गई पाबंदी की मियाद पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के संभल, फिरोजाबाद, इटावा और मिश्रिख संसदीय क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
-कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को कानपुर में रोड शो करेंगी। बुधवार को स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) अधिकारियों के साथ बैठक में प्रियंका के रोड शो का रूट तय कर लिया गया है। प्रियंका दोपहर तीन बजे चकेरी एयरपोर्ट पर उतरेंगी। करीब साढ़े तीन बजे घंटाघर चौराहे से उनका रोड शो शुरू होकर बड़ा चौराहा पर खत्म होगा।
-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज गुजरात और महाराष्ट्र में रैलियां करेंगे। गुजरात के छोटा उदयपुर में सुबह करीब 11 बजे और वलसाड में दोपहर करीब डढ़ बजे उनकी रैली होगी। इसके बाद महाराष्ट्र के पुणे में वह शाम पांच बजे जनसभा करेंगे।
-हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भिवानी में जवाहर लाल नेहरू पर कश्मीर समस्या का ठीकरा फोड़ा। कहा कि कश्मीर इस देश का अभिन्न अंग हो सकता था, लेकिन जवाहर लाल नेहरू की वजह से वहां धारा 370 लगी। हम लगातार कह रहे हैं कि 370 खत्म होनी चाहिए और एक तरफ कांग्रेस कहती है कि इसे नहीं हटाएंगे। सीएम खट्टर ने गुरुवार को भिवानी में ये बातें कही थी।