फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संसद के दोनों सदनों में बहुमत मिलने पर खत्म करेंगे अनुच्छेद 370: अमित शाह 

Fri, 19 Apr 2019 10:06 PM IST
Abhishek Singh भाषा, धरमपुर
विज्ञापन
अमित शाह - फोटो : ANI
विज्ञापन

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि संसद के दोनों सदनों में बहुमत प्राप्त करने के बाद भाजपा जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को खत्म कर देगी। गुजरात के वलसाड जिले के धरमपुर में एक चुनावी रैली में शाह ने यह भी कहा कि मौजूदा लोकसभा चुनावों में मुख्य मुद्दा राष्ट्रीय सुरक्षा है।

विज्ञापन


शाह ने कहा कि हमने अपने घोषणापत्र में पहले ही कह दिया है कि लोकसभा और राज्यसभा में बहुमत प्राप्त करने के बाद हम अनुच्छेद 370 खत्म कर देंगे, जिससे कश्मीर हमेशा के लिए भारत का अभिन्न अंग बन जाए। वलसाड से मौजूदा सांसद और भाजपा उम्मीदवार डॉ. के सी पटेल के पक्ष में प्रचार के दौरान शाह ने यह बात कही। गौरतलब है कि अभी राज्यसभा में भाजपा को बहुमत नहीं है। 

शाह ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ विकास की नहीं है। इस बात में कोई शक नहीं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में विकास हुआ। इस बार मुद्दा राष्ट्रीय सुरक्षा है और सिर्फ मोदी और भाजपा ही यह दे सकती है। उन्होंने कहा कि सिर्फ मोदी ही भारत को महाशक्ति बना सकते हैं। 
विज्ञापन


पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान के बालाकोट में भारतीय वायुसेना की ओर से आतंकी शिविरों पर किए गए हवाई हमले का जिक्र करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि जब पूरा देश जश्न मना रहा था, उस वक्त कांग्रेस मातम मना रही थी। 

शाह ने कहा कि पाकिस्तान क्यों निराश है, यह तो हम समझ सकते हैं। लेकिन आतंकवादियों के मारे जाने पर राहुल गांधी की पार्टी क्यों मातम मना रही है? इस बीच, पुणे में शाह ने कहा कि भाजपा बारामती लोकसभा सीट पर बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने साफ किया कि इस सीट पर भाजपा और राकांपा के बीच कोई दोस्ताना लड़ाई नहीं है। 

गौरतलब है कि बारामती लोकसभा सीट राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का गढ़ मानी जाती है और राकांपा सुप्रीमो शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले इस सीट से पार्टी की उम्मीदवार हैं। भाजपा ने कंचन राहुल कुल को अपना उम्मीदवार बनाया है। वह राष्ट्रीय समाज पक्ष के विधायक राहुल कुल की पत्नी हैं। बता दें कि गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होना है।
विज्ञापन


और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें