तेलंगाना की हैदराबाद पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में रविवार को एक और नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया। अब तक तीन नाबालिगों समेत चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पांचवां आरोपी अब तक फरार है। तेलंगाना की राज्यपाल तमिलसई सुंदरराजन ने प्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी से दो दिन के अंदर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इधर, हैदराबाद में नाबालिग से दुष्कर्म के दो और मामले सामने आए हैं।
अपने बयान में नाबालिग ने बताया कि वह पहाड़ी शरीफ अपने माता-पिता के घर जा रही थी। आरोपियों की पहचान कैब ड्राइवर शेख कलीम अली उर्फ कलीम और मोहम्मद लुकमान अहमद याजदानी उर्फ लुकमान के तौर पर हुई। नाबालिग ने बताया कि आरोपी कलीम ने उसे अकेला देखकर कहीं छोड़ने को पूछा।
नाबालिग ने शाहीन नगर जाने की बात कही और कहा कि उसके पास देने को पैसे नहीं है। कलीम ने उसे अपनी कार से घर तक छोड़ने का लालच दिया। रास्ते में करीब 10 बजे उसने कार में लुकमान को भी बैठा लिया। दोनों उसे कोंदुर्ग गांव स्थित आरोपी लुकमान के घर ले गए। वहां दोनों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।
फॉरेंसिक टीम ने एकत्र किए सुबूत
फॉरेंसिक टीम रविवार को जुबली हिल्स पुलिस स्टेशन पहुंची। उसने पिछले हफ्ते 17 वर्षीय लड़की के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म में इस्तेमाल कार से सुबूत एकत्र किए।
नाबालिग से दुष्कर्म के दो और मामले सामने आए
हैदराबाद में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के दो और मामले सामने आए हैं। पहला मामला रामगोपालपेट थाने में और दूसरा राजेंद्रनगर थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया है। रामगोपालपेट थाने के इंस्पेक्टर सैदुलु ने बताया कि हमें चाइल्ड वेलफेयर कमेटी से शिकायत मिली है कि एक गांव में इंटरमीडिएट में पढ़ने वाली एक नाबालिग से 23 वर्षीय युवक ने बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया है। इस शिकायत के बाद पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसके साथ ही मामले में आरोपी सुरेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, राजेंद्रनगर सर्कल इंस्पेक्टर कनकैया ने बताया कि हमें एक नाबालिग लड़की की शिकायत मिली कि एक महीने पहले एक थिएटर के अंदर एक नाबालिग लड़के ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस शिकायत पर पोक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। किशोर को बाल सुधारगृह में भेज दिया गया है।