बीते ढाई महीने में कोरोना के मामलों से लेकर उससे होने वाली मौतों में जिस तरीके से गिरावट दर्ज हुई थी उससे अनुमान लगाया जा रहा था कि हालात बहुत जल्द सामान्य हो जाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। तकरीबन डेढ़ महीने से देश में कोविड से होने वाली मौतों का सिलसिला कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के पास पहुंचे देशभर के आंकड़ों से एक बार फिर डरावनी तस्वीर ही सामने आई है। आंकड़े बताते हैं कि बीते 24 घंटों में तकरीबन पांच सौ लोगों की कोरोना से मौत हो गई। लगातार हो रही मौतों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार सुबह बैठक कर महाराष्ट्र, केरल से एक बार फिर से उनकी योजनाओं की रिपोर्ट तलब की है। विशेषज्ञों का कहना है कि कोविड से होने वाली मौतों की संख्या का कम न होना आने वाले वक्त में भयावह तस्वीर की ओर इशारा कर रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को पूरे देश में पिछले 24 घंटों में 497 लोगों की कोविड से मौत हो गई। मंत्रालय के विशेषज्ञों का कहना है देश में कोविड पॉजिटिव मामले तो कम हो जाते हैं लेकिन मौतों की संख्या उस तेजी से कम नहीं हो रही है। यह बेहद चिंता का विषय है। कोविड को लेकर आईसीएमआर के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक का कहना है कि अभी सबसे बड़ी चिंता इस बात की है कि देश में कोविड के मामले उस अनुपात में कम नहीं हो रहे हैं जैसा अंदाजा लगाया जा रहा था। हालात इसलिए भी ज्यादा गंभीर हैं क्योंकि मौतों का आंकड़ा कम नहीं हो पा रहा है। कोविड पर नजर रखने वाली कमेटी कोविड टास्क फोर्स ने एजेंसियों को इस बात को लेकर अब शोध करने को कहा है, जिससे यह पता चले कि मौत के आंकड़ों में गिरावट क्यों नहीं आ रही है। जबकि कोविड पॉजिटिव मामले पैंतीस हजार से लेकर पचास हजार के बीच पहुंच जाते हैं।