मणिपुर में हिंसा लगातार जारी है। इस बीच मणिपुर के कांगपोकपी जिले में गोलीबारी की नई घटना सामने आई है। यहां के कांगचुप तलहटी में मंगलवार को अज्ञात लोगों ने गोलीबारी कर दी। इस घटना में मणिपुर पुलिस के दो कर्मियों और एक महिला सहित कम से कम नौ लोग गोली लगने से घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
लोगों ने बताया कि ये घटना तब हुई जब खेतों में काम कर रहे लोगों पर एक पहाड़ी से संदिग्ध अलगाववादियों ने हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि बाद में गांव के स्वयंसेवक और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे जिसके बाद भारी गोलीबारी हुई। पुलिस ने इस बारे में बताया कि हालांकि कुछ देर बाद कांगचुप क्षेत्र में गोलीबारी बंद हो गई थी। बावजूद इसके स्थिति को शांत रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।
वहीं, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक सात लोगों को रिम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं दो को इंफाल के राज मेडिसिटी में भर्ती कराया गया है। घायलों में मुतुम बसंता, नाओरेम किरण, मुतुम अमरजीत, एल. थंगल, लैशराम प्रेमचंद और एल. इबेम्चा देवी शामिल हैं।
इस बीच, जानकारी मिली है कि मंगलवार की सुबह करीब 10.30 बजे कुकी समुदाय के पांच लोग एक वाहन में कांगपोकपी (चुराचांदपुर और कांगपोकपी के बीच अंतर संपर्क मार्ग) की ओर जाते समय गलती से मैतेई क्षेत्र में प्रवेश कर गए। फायेंग इलाके में संयुक्त नाका कर रहे पुलिस और सीआरपीएफ ने उन्हें रोका। इसी बीच लोग एकत्र हो गए और पांचों को पकड़ कर ले गए। हालांकि, बाद में उन्होंने एक व्यक्ति को असम राइफल्स को सौंप दिया।
वहीं, गोलीबारी की एक अन्य घटना पश्चिमी इंफाल जिले में हुई। यहां हथियारबंद लोगों ने इम्फाल पश्चिम जिले में कोत्रुक पर हमला कर दिया। पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी है। इस बीच, कांगपोकपी जिले के पास सेकमाई इलाके से रविवार दोपहर दो किशोरों के लापता होने के बाद इंफाल घाटी में तनाव जारी है।