गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नितिन पटेल ने रविवार को कहा कि उन्होंने मेहसाणा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का अपना दावा वापस ले लिया है। हालांकि उन्होंने ऐसा फैसला क्यों लिया इसके पीछे के कारणों का खुलासा नहीं किया। गौरतलब है कि बीते शनिवार को भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए पहली सूची में 195 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया था, अभी तक मेहसाणा से उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
मेहसाणा सीट से अपना दावा वापस लेता हूं- नितिन पटेल
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने मेहसाणा सीट के लिए दावा पेश किया था और पार्टी से उन्हें उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतारने की अपील की थी। लेकिन मैं अपना अपील वापस ले रहा हूं। बता दें 195 उम्मीदवारों की पहली सूची में गुजरात से 15 नामों की घोषणा की है। नितिन पटेल ने कहा कि मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि पीएम मोदी तीसरी बार देश की कमान संभालें। पटेल ने कहा कि पीएम मोदी दुनिया में भारत का नाम ऊंचा कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मेहसाणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गृह जिला है। यह 1984 के आम चुनावों में भाजपा द्वारा जीते गए पहले दो लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है और तब से दो अपवादों को छोड़कर यह भाजपा के पास ही रही। गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्रियों नरेंद्र मोदी और आनंदीबेन पटेल के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडलों में नितिन पटेल दूसरे नंबर पर थे। उन्होंने 2016 से 17 और 2017 से 2021 तक विजय रूपाणी के नेतृत्व वाली कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।
कौन हैं नितिन पटेल
छह बार के विधायक, नितिन पटेल ने पिछले 20 वर्षों में वित्त और राजस्व सहित विभिन्न विभागों को संभाला है। उन्होंने 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। भाजपा ने गुजरात में 15 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए पांच मौजूदा सांसदों को हटा दिया है। शेष 11 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा अभी नहीं की गई है।