यूरोपीय संघ ने भारत, बांग्लादेश और फिलीपींस के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मानवीय मदद के लिए 2.4 मिलियन यूरो जारी किए हैं। यूरोपीय संघ के संकट प्रबंधन आयुक्त जेनेज लेनारसिक ने कहा कि इस वर्ष मानसून की शुरुआत में ही इन क्षेत्रों में गहरा असर पड़ा है।
इस वक्त भारत, बांग्लादेश और फिलीपींस जैसे देशों के कई क्षेत्र बाढ़ से जूझ रहे हैं। इस बीच यूरोपीय संघ द्वारा इन देशों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मानवीय मदद के तौर पर 2.4 मिलियन यूरो (21.73 करोड़) रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस धनराशि की मदद से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे लोगों को नकद सहायता, भोजन, शुद्ध पानी और स्वच्छता व्यवस्था के अलावा जरूरी सुविधाएं प्रदान कीं जाएंगीं।
विज्ञापन
भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत ने क्या कहा?
भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत हर्वे डेल्फिन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘यूरोपीय संघ ने भारत, बांग्लादेश और फिलीपींस के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मानवीय मदद के लिए 2.4 मिलियन यूरो स्वीकृत किए हैं।’ यूरोपीय संघ के संकट प्रबंधन आयुक्त जेनेज लेनारसिक ने कहा कि इस वर्ष मानसून की शुरुआत में ही इन क्षेत्रों में गहरा असर पड़ा है। उन्होंने आगे कहा कि यूरोपीय संघ द्वारा इन क्षेत्रों में प्रभावित आबादी को मदद मुहैया कराई जा रही है।
यूरोपीय संघ के संकट प्रबंधन आयुक्त का बयान
जेनेज लेनारसिक ने कहा, ‘इस वर्ष मानसून का शुरुआती समय उत्तरी बांग्लादेश, भारत और फिलीपींस के लोगों के लिए बहुत कष्टकारी रहा है। यूरोपीय संघ, अत्यधिक बाढ़ प्रभावित जनसंख्या के लिए मदद मुहैया कर रहा है ताकि लोगों को अति आवश्यक राहत प्रदान की जा सके।’ उन्होंने आगे कहा कि भारत और बांग्लादेश में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 1.2 मिलियन यूरो (करीब 10.86 करोड़ रुपये) आवंटित किए जाएंगे।
विज्ञापन
आपको बता दें कि इससे पहले मई महीने में ओलावृष्टि और भारी बारिश से प्रभावित मणिपुर के लिए 22.6 मिलियन रुपये (2.26 करोड़ रुपये) की मदद प्रदान की थी। मणिपुर के अत्यधिक प्रभावित क्षेत्रों में मानवीय मदद के लिए यह धनराशि मुहैया कराई गई थी।