केंद्र सरकार ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि दो से अठारह साल तक के बच्चों के लिए तैयार की जा रही कोवाक्सिन वैक्सीन को अंतिम मंजूरी पर अभी विशेषज्ञ विचार कर रहे हैं। वैक्सीन का आकलन किया जा रहा है। सरकारी सूत्रों ने यह भी कहा कि बॉयोलॉजिकल ई अपनी Covid-19 वैक्सीन 'कोर्बेवैक्स' का अंतिम डाटा नवंबर अंत तक पेश करेगी।
तीन चरणों में ट्रायल हुआ
कोवाक्सिन को लंबे ट्रायल से गुजरना पड़ा है। भारत बायोटेक ने 18 से कम आयु वर्ग के लिए तीन चरणों में ट्रायल पूरा किया था। सितंबर में दूसरे और तीसरे चरण का ट्रायल पूरा कर लिया गया था। इसके बाद भारत बायोटेक की कोवाक्सिन को मंजूरी मिलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। मंगलवार को अचानक इसे मंजूरी की खबरें मीडिया में चलने लगीं, लेकिन कुछ देर बाद ही सरकार ने स्पष्ट कर दिया था कि मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है। मामला विशेषज्ञ समिति के विचाराधीन है।
बच्चों को भी लगेंगे दो टीके
पूरी तरह मंजूरी मिलने के बाद बड़ों की तरह बच्चों को भी कोवाक्सिन के दो टीके लगाए जाएंगे। अब तक हुए ट्रायल में कोवाक्सिन का बच्चों पर कोई बुरा असर नहीं हुआ है। क्लीनिकल ट्रायल में यह वैक्सीन 78 प्रतिशत तक असरदार साबित हुई थी।