पाकिस्तान के एक अंडर-19 खिलाड़ी और प्रथम श्रेणी क्रिकेट के बल्लेबाज जीशान मलिक को गुरूवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया। जीशान पर आरोप है कि उसने हाल ही में समाप्त हुई नेशनल टी-20 कप टूर्नामेंट के दौरान स्पॉट फिक्सिंग के लिए संपर्क किए जाने की जानकारी पीसीबी को नहीं दी।
पीसीबी ने उत्तरी क्रिकेट संघ के खिलाड़ी को भ्रष्टाचार रोधी संहिता के अनुच्छेद 4.7.1 के अंतर्गत निलंबित किया। इसका मतलब है कि जांच चलने तक वह किसी भी क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों का हिस्सा नहीं बन सकता है।
पीसीबी के एक सूत्र ने पुष्टि की कि भ्रष्टाचार रोधी इकाई जीशान मलिक को टूर्नामेंट के मैचों के दौरान स्पॉट फिक्स के लिए संपर्क किए जाने की घटना की जांच कर रही है। जीशान ने इसे तुरंत ही संबंधित अधिकारियों को नहीं बताया था। नेशनल टी-20 टूर्नामेंट बुधवार को लाहौर में समाप्त हुआ।