भगवान गणेश पर केरल विधानसभा अध्यक्ष एएन शमसीर की हालिया टिप्पणी पर विवाद अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। केरल में विपक्षी पार्टी भाजपा ने शनिवार को घोषणा की कि वह 10 अगस्त को तिरुवनंतपुरम में विधानमंडल परिसर में 'नामजाप जुलूस निकालेगी। भाजपा ने तब तक लगातार विरोध प्रदर्शन करने की बात कही है, जब तक कि केरल विधानसभा अध्यक्ष एएन शमसीर माफी नहीं मांग लेते।
केरल के सबसे उत्तरी जिले कासरगोड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने कहा कि पार्टी तब तक अपना मजबूत आंदोलन जारी रखेगी जब तक कि शमसीर अपनी टिप्पणी वापस लेते हुए माफी नहीं मांग लेते। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा आठ अगस्त को विधानसभा तक विरोध मार्च निकालेगा। भाजपा 10 अगस्त को विधानसभा परिसर के सामने नामजप (मंत्र जाप) जुलूस निकालेगी।
इस बीच, लोक निर्माण मंत्री पीए मोहम्मद रियास ने टिप्पणी विवाद पर भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि इस मुद्दे के नाम पर अब राज्य में संघ परिवार आरएसएस के एजेंडे को लागू करने का प्रयास चल रहा है। निहित स्वार्थों का एजेंडा इस मुद्दे पर केरल समाज में सांप्रदायिक विभाजन पैदा करना है। साथ ही स्पीकर को समर्थन देते हुए रियास ने कहा कि शमसीर ने किसी भी धार्मिक समुदाय की मान्यताओं के खिलाफ नहीं बोला।
इसी के साथ वरिष्ठ सीपीआई (एम) नेता और इसके कन्नूर जिला सचिव एम वी जयराजन ने कहा कि मार्क्सवादी पार्टी ने इस मुद्दे पर अपना रुख नहीं बदला है और वह मिथक, इतिहास और विज्ञान को इस तरह देख सकती है। उन्होंने कहा कि सीपीआई (एम) ऐसी पार्टी नहीं है जो धर्मों और मान्यताओं का विरोध करती है और यह उन लोगों का सम्मान करती है जो अपने संबंधित धार्मिक विश्वास के हिस्से के रूप में अनुष्ठान करते हैं।
शमसीर की इस टिप्पणी के बाद हुआ विवाद
एर्नाकुलम जिले के स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शमसीर ने केंद्र सरकार पर विज्ञान और प्रौद्योगिकी में उपलब्धि के बजाय बच्चों को हिंदू मिथक सिखाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। स्पीकर ने कहा था कि भगवान गणेश एक मिथक हैं और इस मान्यता का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।
विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और भाजपा जैसे दल भी शमसीर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि भगवान गणेश और पुष्पक विमान को लेकर अध्यक्ष द्वारा की गई टिप्पणियों से व्यथित हैं। सत्तारूढ़ सीपीआई (एम) ने शमसीर की कथित विवादास्पद टिप्पणी को लेकर संघ परिवार द्वारा उनके खिलाफ चलाए गए अभियान की कड़ी निंदा की थी।