हैदराबाद के एक पब में आठ साल की बच्ची का परिजनों व अन्य लोगों के साथ डांस करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। मामला सामने आते ही बवाल मचने लगा तो पुलिस ने पब प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
किसी व्यक्ति ने पब में बच्ची के डांस करने का यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में जारी करते हुए पुलिस को भी टैग किया था। गुरुवार को हैदराबाद पुलिस ने बताया कि वीडियो में बच्ची अपने परिजनों व कुछ अन्य लोगों के साथ डांस करती नजर आ रही है। इसे देखने के बाद तत्काल जांच शुरू की गई। घटना रविवार रात की बताई गई है। पब प्रबंधन ने बच्ची को अंदर ले जाने की इजाजत देकर नियमों का उल्लंघन किया है।
हैदराबाद के गाचीबोवली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बच्ची पब में आए एक परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों के समूह का हिस्सा थी। मामले में पुलिस ने खुद पब के मालिक और प्रबंधक के खिलाफ भादंवि की धारा 188 (सरकारी आदेश के उल्लंघन) के तहत मामला दर्ज किया है।