संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में अक्षय तृतीया पर बाजारों में रौनक देखने को मिली। स्वर्ण, चांदी और आभूषणों की खरीदारी के चलते बाजारों में भारी भीड़ दिखी। लोग अपने पसंदीदा आभूषणों और सोने-चांदी के आभूषणों को खरीदने के लिए उत्साहित दिखे। विभिन्न दुकानों में छूट और ऑफर्स के साथ-साथ, नवीनतम डिजाइन के आभूषणों की विशेष रूप से बिक्री हुई।
इसके अलावा विभिन्न कपड़ों और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की भी खरीदारी देखी गई। उत्सव के दौरान अलग-अलग शहरों में बाजारों की गलियों और विभिन्न वस्त्र संग्रहालय और इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर्स में भी भीड़ दिखी। कई स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों और पूजा-पाठ के अवसर पर लोगों ने अपने परिवार के साथ समय बिताया और आनंद उठाया। धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन भी किया गया। सोने-चांदी और आभूषणों का बाजार में भी अधिकतर धार्मिक महत्व रखने वाले लोगों की भीड़ देखने को मिली। जिले के अंब, ऊना, हरोली, टाहलीवाल, बंगाणा, गगरेट, दौलतपुर चौक और अन्य क्षेत्रों में अक्षय तृतीया को लेकर लोगोंं ने खरीददारी की।
बता दें कि अक्षय तृतीया के दिन सोना, चांदी ,कपड़े, इलेक्ट्रिॉनिक उत्पादों को खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसे में लोगोंं से इस शुभ दिन का महत्व समझते हुए खरीदारी के साथ साथ धार्मिक आयोजनों में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं, स्वर्णकार संघ के जिला प्रधान प्रिंस राजपूत का कहना है कि अक्षय तृतीया पर लोगों ने सोने-चांदी के आभूषणाें की खरीददार शुभ मुहूर्त में की है। वहीं, लोगों ने आगामी शादियों के लिए भी इस शुभ दिन में गहनों की खरीद की है।