संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। बेघर लोगों के लिए जिला ऊना में सामुदायिक रसोई खोलने के मामले में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) डॉ. अमित कुमार शर्मा ने वीरवार को अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में एडीसी ने एक हफ्ते के भीतर सभी उपमंडलाधिकारियों से संबंधित सीडीपीओ के साथ मिलकर स्थान के चयन पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम अस्पतालों, बस अड्डों, रैन बसेरा और झुग्गी-झोपड़ी के निकट सामुदायिक रसोई खोलने की संभावनाएं तलाश कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
एडीसी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर सामुदायिक रसोई खोलने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। एडीसी ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में लंगर सेवा समिति के माध्यम से प्रतिदिन मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए दोपहर का भोजन निशुल्क दिया जा रहा है। जिले में सामाजिक संस्थाएं इस कार्य में बढ़ चढ़कर भाग ले रही हैं। कोविड लॉकडाउन के दौरान भी सामाजिक संस्थाओं ने आगे आकर जरूरतमंद व्यक्तियों को निशुल्क पका हुआ खाना उपलब्ध कराया। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी सतनाम सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।