संवाद न्यूज एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। खेलते-खेलते एक तीन वर्षीय बच्चे ने सिक्का निगल लिया, जिसके चलते उसकी जान पर बन आई। आनन-फानन बच्चे को मैहतपुर के आर्य ईएनटी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे की भोजन नली से सिक्का निकालकर बच्चे की जान बचा ली है।
सरहदी गांव दबट निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर 2:00 बजे खेलते-खेलते अचानक बच्चे ने सिक्का निगल लिया। इसके चलते उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। बच्चे की हालत बिगड़ती देख जल्द ही स्थानीय ईएनटी आर्य मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल लाया गया।
जहां पर ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. केआर आर्य तथा गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉक्टर दीपक आर्य ने कड़ी मशक्कत के बाद ऑपरेशन करके बच्चे की भोजन नली से सिक्का बाहर निकालकर बच्चे की जान बचा ली। डॉक्टर आर्य ने कहा कि अगर समय रहते बच्चे की भोजन नली से सिक्का नहीं निकाला जाता तो उसकी जान भी जा सकती थी।