ऊना। नगर परिषद ऊना में नए लिपिक की तैनाती के बजाय सरकार पहले से काम कर रहे लिपिकों को अतिरिक्त कार्यभार सौंप रही है। कर्मचारियों की भारी कमी झेल रही नगर परिषद में कर्मचारी न होने से नप अधिकारी और शहरवासी परेशान हैं। इस समय नगर परिषद एक लिपिक के सहारे है। इस लिपिक को अब सरकार ने नगर पंचायत अंब का अतिरिक्त कार्यभार भी दे दिया है। सरकार के इस फैसले से नप में चल रहे काम लंबे समय तक लटकने की आशंका है।
नप में कर्मचारियों की कमी के चलते कई विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। नगर परिषद में लिपिक के पांच पद स्वीकृत हैं। इस समय नप केवल एक ही लिपिक सहारे चल रही है। सरकार ने इस एक लिपिक को सप्ताह में तीन दिन नगर पंचायत अंब का कार्यभार देखने के आदेश दिए हैं। नगर परिषद की तरफ से सरकार को नप कार्यालय के लिए नए लिपिक नियुक्त करने की मांग की थी। नगर परिषद की नई टीम के बाद से शहर में कई योजनाओं को शुरू करने के रूपरेखा तैयार की गई है। इसमें भवनों की जियो टैंगिंग, डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन की मुहिम को तेज करना, शहर में शौचालयों का निर्माण और अन्य कई कार्य करवाए जाने हैं। इन कार्यों को समय पर पूरा करवाने के लिए कर्मचारियों की जरूरत पड़ रही है।
आलम यह है कि नगर परिषद के अधिकारी लंबे समय से कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए मांग कर रहे हैं। सरकार की तरफ से अभी तक इस मामले को लेकर नप में कोई कर्मचारी नियुक्ति नहीं हुई है। इसके अलावा नप में स्टेटिकल असिस्टेंट और सीनियर असिस्टेंट के पद भी खाली चल रहे हैं।
इस संबंध नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी ने बताया कि नप में तैनात लिपिक को अंब का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। कर्मचारियों की कमी की समस्या को लेकर सरकार से जरूर मांग की जाएगी। नप में एक कर्मचारी को प्रमोट कर लिपिक का कार्य देखने की जिम्मेदारी दी गई है।
इस संबंध में शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि अमर उजाला के माध्यम से मामला ध्यान में आया है। इस मामले पर निदेशक शहरी विकास विभाग से जानकारी ली जाएगी।