ऊना। शहर में डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन योजना के तहत सफाई कर्मचारियों को घरों का कूड़ा न देने पर 15 परिवारों को नोटिस जारी किए हैं। नगर परिषद ने इन परिवारों को घरों का कूड़ा गारबेज कलेक्शन योजना के तहत देने की बार-बार अपील की। इसके बावजूद कूड़ा न देने पर कार्रवाई की गई है। नप ने साफ किया है कि अगर उक्त लोग कूड़ा नहीं देते तो उनके बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
नगर परिषद की तरफ से शुरू की गई डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन योजना को मजबूती देने के लिए गंदगी फैलने वालों पर लगाम कसने के लिए नगर परिषद सख्त रवैया अपनाने जा रही है। ऊना में कुछ माह पहले ही डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन योजना को सख्ती से लागू किया है। इसके बावजूद शहर में अभी भी कुछ लोग सफाई कर्मचारियों को कूड़ा नहीं दे रहे हैं। इससे शहर में कई स्थानों पर गंदगी फैल रही है। इस पर लगाम कसने के लिए अब नगर परिषद ने कार्रवाई शुरू का दी है।
शहर में अब गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर परिषद जुर्माना लगाने जा रही है। बता दें कि नगर परिषद ऊना में 11 वार्ड हैं। इन सभी वार्डों में डोर-टू-डोर गारबेज क्लेक्शन योजना लागू की गई है। इसके लिए विशेष वाहन भी खरीदे गए हैं लेकिन कुछ जगहों पर लोगों की तरफ से सहयोग नहीं मिल रहा है। यह लोग नप कर्मचारी को कूड़ा नहीं दे रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि यह लोग खुले में कचरा फैला रहे हैं। इन पर अब कार्रवाई होना शुरू हो गई है।
नप ने कुछ दिनों पूर्व 35 दुकानदारों को भी डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन योजना में सहयोग न देने पर नोटिस जारी किए थे। इन पर कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में नगर परिषद ऊना के कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि करीब 15 परिवारों को डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन योजना में सहयोग न करने पर नोटिस जारी किए गए हैं। इस मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।