अप्पर बसाल में घर में घुसने के लिए तोड़ी गई ग्रिल।
- फोटो : Una
नारी (ऊना)। अपर बसाल में रविवार रात घर से शातिरों ने घर में चोरी की। शातिर घर से नकदी, स्वर्ण आभूूषण समेत कीमती सामान चुरा ले गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने घटना स्थल का दौरा किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपर बसाल के मंगल राम बेटी की शादी के सामान लेने के लिए लुधियाना गए थे। घर में उसके बच्चे मौजूद थे। शातिर घर के पीछे की तरफ से ग्रिल तोड़कर घर में दाखिल हुए और स्वर्ण आभूषण समेत अन्य सामान चुरा ले गए। सुबह जब मंगल राम की बेटी कविता ने दूसरे कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो वह नहीं खुला। घर के पीछे की तरफ जाने पर देखा कि ग्रिल टूटी हुई है।
कमरे में देखा कि सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी को खोलकर भी सामान इधर-उधर फेंक रखा है। जांच में स्वर्ण आभूषण गायब मिले। शातिर शादी के लिए खरीदे अन सिले कपड़े भी चुरा ले गए। घटना की सूचना उन्होंने पंचायत प्रधान नरेश कुमार को दी। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और चोरी किए गए सामान की सूची तैयार की।
मंगल राम ने बताया कि घटना में उन्हें दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं पुलिस ने अज्ञात शातिर केे खिलाफ आईपीसी की धारा 457, 380 के तहत पुलिस थाना सदर में केस दर्ज कर लिया है। एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि मामले में जांच जारी है। आरोपियों केे दबोचने के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।