भरवाईं (ऊना)। पत्थर मारकर ढाबा कर्मी की हत्या करने के मामले में देहरा पुलिस वीरवार को आरोपी को लेकर बस स्टैंड के नजदीक चिंतपूर्णी बाजार पहुंची। जहां आरोपी ने ढाबा कर्मी के साथ हत्या करने से कुछ घंटे पहले लड़ाई झगड़ा किया था। जिसको लेकर वीरवार को पुलिस कुछ दुकानदारों के बयान भी कलमबद्ध किए हैं।
देहरा पुलिस के अनुसार रात डेढ़ बजे आरोपी विजय कुमार ने ढाबा कर्मी की पत्थर मारकर हत्या की थी, लेकिन इससे पहले आरोपी रात पौने 11 बजे के करीब बाजार में ढाबा कर्मी के साथ अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक पर लड़ाई झगड़ा कर चुका था।
उसने ढाबा कर्मी को देख लेने की बात भी कही थी। जिसके डर से ही ढाबा कर्मी उस रात बस स्टैंड के अंदर बनी गैलरी में सो गया। हत्या आरोपी ने उसे वहां भी ढूंढ लिया। देहरा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि हत्या आरोपी के रहने के भी तीन ठिकाने हैं। आरोपी ने लुधियाना अबोहर और हरिद्वार में अपने रहने के ठिकाने बनाए हुए थे। जब वह भागने की फिराक में था तो उसकी जेब में नौ सौ रुपये थे। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।