दौलतपुर चौक (ऊना)। छुट्टी पर घर आए एक पुलिस कांस्टेबल पर अपने ही गांव के युवक के साथ मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दौलतपुर चौक के एक होटल में सात अप्रैल की देर शाम को राम कुमार निवासी डंगोह खास अपने दोस्तों के साथ खाना खा रहा था। इस दौरान आरोपी पुलिस कांस्टेबल भी उनके साथ था। राम कुमार ने बताया कि किसी बात को लेकर उसकी उक्त पुलिस कांस्टेबल से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस पर तैश में आए पुलिस कांस्टेबल ने रामकुमार को पीट डाला। बताया जा रहा है कि इस मारपीट से रामकुमार घायल हो गया। पीड़ित युवक रामकुमार ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ पुलिस चौकी दौलतपुर चौक में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने पीड़ित युवक रामकुमार का सीएचसी दौलतपुर चौक में मेडिकल करवाया। रिपोर्ट में पीड़ित युवक की नाक की हड्डी टूटी हुई पाई गई। मेडिकल रिपोर्ट और डॉक्टर की एडवाइस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। उधर एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।