चिंतपूर्णी थाना के तहत चिंतपूर्णी शीतला रोड पर चंबी के पास दुर्घटनाग्रस्त बाइक।
- फोटो : Una
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी शीतला रोड पर चंबी के पास वीरवार सुबह युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। चढ़ाई पर अनियंत्रित बाइक बस से टकरा गई। इससे युवक के सिर पर चोट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। यदि युवक ने हेल्मेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वीरवार सुबह दस बजे निजी बस तलवाड़ा से चिंतपूर्णी की तरफ आ रही थी। युवक बाइक पर शीतला की तरफ जा रहा था। चढ़ाई पर युवक की बाइक अनियंत्रित होकर बस के अगले हिस्से से जा टकराई। बस ड्राइवर ने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन गलत दिशा से टकराने से सिर पर चोट लगने से युवक की चिंतपूर्णी अस्पताल लाते समय रास्ते में मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय युवक बाइक समेत सड़क पर गिर गया। बस में बैठी सवारियों और कंडक्टर ने युवक को चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही चिंतपूर्णी पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। अस्पताल पहुंचे युवक के जीजा शुभकरण ने बताया कि युवक घर का इकलौता चिराग था। वह शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है। युवक की पत्नी 2 साल पहले उसको छोड़कर बेटी के साथ महाराष्ट्र चली गई है। युवक की तीन बहनें हैं और तीनों शादीशुदा हैं।
युवक घर पर मां के साथ रहता था। वह कालू दी बड़ राधा स्वामी सत्संग के पास कुलचे छोले की रेहड़ी लगाकर घर का गुजारा चलाता था। युवक की पहचान सुरेंद्र कुमार 35 पुत्र अमी चंद निवासी गांव बरेट तहसील अंब के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को ऊना भेज दिया है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है।