ऊना बस स्टैंड में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाती एसडीएम डॉ. निधि पटेल। संवाद
- फोटो : Una
ऊना। जिले में रविवार को 41,455 शिशुओं को पोलियो उन्मूलन की दवा पिलाई गई। पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत जिला ऊना में रविवार को 0-5 वर्ष आयु वर्ग के 56,608 शिशुओं को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य तय किया गया था। ग्रामीण क्षेत्र के 46,576 तथा शहरी क्षेत्रों के 10,032 शिशुओं को पोलियो की डोज पिलाने का लक्ष्य था।
जिला उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा कि पोलिया उन्मूलन के लिए प्रतिवर्ष पल्स पोलियो अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को जिला ऊना में 41,455 शिशुओं को पोलियो की दवा दी गई। पल्स पोलियो अभियान की सफलता के लिए जिला ऊना में कुल 354 बूथ स्थापित किए गए थे, जिनमें 1428 कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। शहरी क्षेत्रों में 16 तथा 338 बूथ ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए। डीसी ने बताया कि जिला ऊना में 8 मोबाइल बूथों के माध्यम से भी पल्स पोलियो खुराक दी गई। पल्स पोलियो अभियान के तहत छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर भी पोलियो की खुराक दी जाएगी। इस अवसर पर रोटरी क्लब के असिस्टेंट गवर्नर सुरिंद्र ठाकुर, क्लब सचिव सुमित अरोड़ा, बलविंदर सिंह, विनय शर्मा तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह सिद्धू सहित रोटरी क्लब के अन्य सदस्य रहे।