टाहलीवाल (ऊना)। हरोली पुलिस ने गश्त के दौरान दो अलग-अलग जगह तीन युवकों से 11.15 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इन मामलों पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज का कार्रवाई शुरू कर दी है।
गोंदपुर जयचंद में हरोली पुलिस ने गश्त कर रही थी। रेन शेल्टर में बैठा युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और भागने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 7.40 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान संदीप ऐरी निवासी गोंदपुर जयचंद के रूप में हुई। दूसरे मामले में लोअर बढेड़ा में बाइक सवार युवकों को शक के आधार पर रोका।
तलाशी लेने पर उनके पास से 3.75 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपियों की पहचान नीरज कुमार निवासी चंदपुर तहसील हरोली और विनय राणा निवासी पालकवाह तहसील हरोली के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि दो अलग-अलग मामलों में तीन युवकों को चिट्टे के साथ पकड़ा है। दोनों मामलों में जांच की जा रही है।