अर्की पहुंचने पर स्वागत करने पहुंचे लोगों के साथ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर। संवाद
- फोटो : SOLAN
अर्की (सोलन)। अर्की मुख्यालय की सीमा पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का काफिला दोपहर करीब 1.20 बजे सभा स्थल पर पहुंचा जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस बीच कई कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उनके साथ सेल्फी ली। केंद्रीय मंत्री अनुराग ने सेल्फी लेने वाले हर इच्छुक के पास गए। युवा वर्ग समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी जोश देखने को मिला।
कई पंचायत प्रधानों ने केंद्रीय मंत्री को अपनी समस्याओं के बारे में मांग पत्र भी दिया। इसमें ज्यादातर खेल मैदान को लेकर मांग पत्र दिए गए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें सेल्फी लेने का आग्रह किया तो केंद्रीय मंत्री ने खुद उनका मोबाइल लेकर उनके साथ सेल्फी ली और उनका मांग पत्र भी लिया। इसके बाद सभा स्थल के मंच पर बैठने के साथ ही लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिवादन किया।
भाजपा मंडल ने उन्हें शॉल-टोपी और तलवार भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने उनका वहां पहुंचने पर स्वागत किया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री का दाड़लाघाट और भराड़ीघाट में भी जोरदार स्वागत किया गया।