सोलन। शहर में सब्जी और परचून कारोबारी रेट लिस्ट नहीं लगा रहे हैं। वहीं निजी पार्किंगों में भी मनमानी फीस वसूली की जा रही है। सोलन में सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त जफर इकबाल की अध्यक्षता में आयोजित अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) की बैठक में कई मुद्दे गूंजे।
जेसीसी की बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त जफर इकबाल के सामने महासंघ के सदस्यों ने सोलन की निजी और नगर निगम की पार्किंग में अतिरिक्त शुल्क वसूलने, शहर में परचून और सब्जियों की दुकानों पर मूल्य सूची लगाने की मांग की गई। सदस्यों ने कहा कि सब्जी समेत पार्किंग संचालक लोगों से अधिक दाम वसूल कर रहे हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभागों में कर्मचारियों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूरा करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करें। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि स्थानीय स्तर पर सुलझ सकने वाली कर्मचारियों की मांगों को अविलंब सुलझाया जाए। वहीं जिला और सरकार को भेजने वाली मांगों को भी शीघ्र भेजा जाए।
इन मांगों पर भी हुई चर्चा
इस बैठक में विभागों की मांगों तथा समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इस बैठक में उपायुक्त कार्यालय सोलन में कर्मचारियों के लिए पार्किंग व्यवस्था करने, कृषि उपनिदेशक कार्यालय सोलन के संपर्क मार्ग, नगर निगम सोलन के प्रत्येक वार्ड में सफाई कर्मचारी की नियुक्ति, मुख्यालय समेत जिले के अन्य शहरों में आवारा कुत्तों से निजात दिलाने, पुराने उपायुक्त कार्यालय के समीप शौचालय का प्रावधान करने, निजी पार्किंग और नगर निगम की पार्किंग में अतिरिक्त पार्किंग शुल्क वसूलने, सब्जियों की दुकानों पर मूल्य सूची लगाने, पशु औषधालय कैंडोल के भवन की मरम्मत, जिले के विकास खंडों में आवासीय कालोनियों के निर्माण जैसे मामलों पर विचार-विमर्श किया गया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर उपमंडलाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव, समादेशक गृह रक्षा डॉ. शिव कुमार शर्मा, उपमंडलाधिकारी कसौली डॉ. संजीव धीमान, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राजीव कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन अशोक वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष जेके ठाकुर, उपाध्यक्ष सतपाल राणा, महासचिव रामलाल ठाकुर उपस्थित थे।