परवाणू (सोलन)। नगर परिषद परवाणू के अंतर्गत बनाए भवनों में जरूरतमंदों को बसाने के लिए किराया निर्धारित कर दिया है। बीते दिनों नप की बैठक के बाद जरूरतमंद लोगों को ये भवन किराये पर देने का फैसला लिया गया।
इसका किराया दो हजार रुपये प्रति माह निर्धारित किया गया है। वहीं परवाणू में रजिस्ट्री आधारित टैक्स प्रणाली की जगह एरिया बेस्ड टैक्स प्रणाली शुरू की जाएगी।
नप परवाणू ने सेक्टर-4 में जरूरतमंद लोगों के लिए भवन का निर्माण किया था। इन भवनों को आवंटित करने से पहले नगर परिषद परवाणू ने प्लान बदला और लोगों को किराये पर भवन देने में सहमति जताई।
यह निर्णय नगर परिषद परवाणू की अध्यक्ष निशा शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी पार्षदों की सहमति से लिया गया। इस बैठक में कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार, नप उपाध्यक्ष सोनिया शर्मा, मनोनीत पार्षद विनीत गोयल, विनोद ठाकुर, राजकुमार घई, रामध्यान सिंह, निर्वाचित पार्षद, डॉ. डेजी ठाकुर, लखविंद्र सिंह, किरण चौहान, चंद्रावती देवी, ठाकुर दास शर्मा, रणजीत सिंह और मोनिशा शर्मा उपस्थित थे।
नगर परिषद परवाणू की अध्यक्ष निशा शर्मा, उपाध्यक्ष सोनिया शर्मा, वार्ड-6 के पार्षद ठाकुर दास शर्मा और वार्ड-2 पार्षद लखविंद्र सिंह ने बताया कि नगर परिषद की दो फरवरी को हुई पहली बैठक में एरिया बेस्ड टैक्स मेथड शुरू करने के लिए सर्वे करवाने का निर्णय लिया था जो पूरा हो गया है।
साथ ही परवाणू में एरिया बेस्ड टैक्स मेथड शुरू होने का रास्ता भी साफ हो गया है। उन्होंने बताया कि अब प्रॉपर्टी टैक्स रजिस्ट्री पर आधारित नहीं बल्कि क्षेत्रफल के हिसाब से लगेगा।