Person from Bihar's Chhapra died in a car hit on Indofarm-Morepin road
बद्दी (सोलन)। इंडोफार्म-मोरपिन रोड पर गुग्गामाड़ी के समीप आल्टो कार की चपेट में आने से पैदल जा रहे कामगार की मौत हो गई। मृतक व्यक्ति बिहार के छपरा जिले के तकिया मेलदी गांव का रहने वाला था। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
तकिया मेलदी गांव का जनकराज पुत्र रामदेव राय अपनी ड्यूटी करने के बाद पैदल डोरियां स्थित अपने क्वार्टर जा रहा था। गुग्गामाड़ी के समीप एक कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह गिर गया। कार चालक टक्कर के बाद मौके से फरार हो गया।
सिर में चोट लगने से खून बहने लगा। लोग उसे निजी वाहन से बद्दी अस्पताल ले जा रहे थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बद्दी अस्पताल के एसएमओ डॉ. अनिल अरोड़ा ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक कामगार के मामा विजय राय ने बताया कि हादसा कार चालक की लापरवाही से हुआ है।
डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव उसके मामा को सौंप दिया है।