धर्मपुर (सोलन)। डिग्री कॉलेज धर्मपुर में रविवार को एबीवीपी छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर कॉलेज भवन का कार्य शुरू नहीं होता है तो वह कक्षाओं का बहिष्कार करेंगे और उग्र आंदोलन सरकार के खिलाफ छेड़ा जाएगा। इस दौरान छात्र संगठन के सदस्यों ने दो टूक शब्दों में कहा कि उग्र आंदोलन की जिम्मेदार सरकार होगी।
बीते तीन दिनों से एबीवीपी निर्माणाधीन धर्मपुर कॉलेज का कार्य काफी वर्षाें से रुकने के चलते क्रमिक अनशन पर बैठी हुई हैं। इकाई अध्यक्ष ध्रुव ने बताया कि सरकार उनकी बात सुन नहीं रही है जिस कारण छात्रों को परेशान होना पड़ रहा है।
छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है। अस्थायी कॉलेज में केवल चार कमरों की सहायता से कार्य चल रहा है। इन समस्याओं को लेकर छात्र अनशन पर बैठे हैं और सरकार को जल्द कार्य शुरू करने, वर्तमान में चार अन्य कमरों की व्यवस्था करने और आगामी सत्र को नए कॉलेज में शुरू करने की मांग कर रहे हैं। इस अवसर पर शीतल ठाकुर, नितिन, कुनाल, कोमल, प्रियंका, शिवानी, ईशिका, राजन, सिमरन, अभिमन्यु, कार्तिक, भावना, इंद्रजीत मौजूद रहे।
शनिवार देेर शाम पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री व कसौली विधायक डॉ. राजीव सैजल शनिवार देर शाम क्रमिक अनशन पर बैठे छात्रों से मिलने पहुंचे। उन्होंने छात्र नेताओं को आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज में आगामी सत्र नए भवन मंडोधार में लगेगा। इसके अलावा छात्रों को कमरे उपलब्ध करवाने के लिए भी कहा लेकिन छात्र संगठन ने कहा कि बार-बार आश्वासन मिलते हैं जिसे लेकर उनका प्रदर्शन जारी है।
शिक्षा मंत्री पर स्लोगन से साधा निशाना
एबीवीपी संगठन के सदस्यों ने शिक्षा मंत्री पर स्लोगन से निशान साधा। छात्रों ने पोस्टर पर शिक्षा मंत्री तुम एक काम करो, कुर्सी छोड़ आराम करो और कॉलेज का भवन निर्माण पूरा क्यों नहीं हो रहा, चक्कर है, भाई चक्कर है और शिक्षा मंत्री होश में आओ जैसे नारे लिखे हैं।