संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के नवांगांव में शराब के ठेके से लाखों रुपये की शराब चोरी होने पर पुलिस ने ठेके के सेल्समैन के गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
शराब ठेकेदार के कर्मचारी कृष्ण कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके नवांगांव स्थित शराब के ठेके का निरीक्षण किया तो ठेके में अंग्रेजी, देसी और बीयर का स्टॉक कम पाया गया। करीब 1,13,415 रुपये की शराब कम पाई गई। सेल्समैन ने डिब्बे पूरे रखे थे लेकिन अंदर से खाली थे।
कांगड़ा के देहरा निवासी सेल्समैन पवन कुमार पर उन्होंने शक जाहिर किया। बताया कि दो साल पहले कोरोना के समय में भी यह सेल्समैन सैणी माजरा स्थित शराब ठेके पर तैनात था। वहां पर स्टॉक कम हुआ था जिसके चलते उसे बदल कर नवांगांव तैनात कर दिया था।
उन्हें पूरा यकीन है कि सेल्समैन ने शराब बेचकर पैसा हड़प लिया है। पुलिस ने सेल्समैन पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने सेल्समैन को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया जहां से उसे अदालत ने पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।