बद्दी (सोलन)। सात माह बाद हुई नगर परिषद बद्दी की बैठक में आगामी वित्त वर्ष के लिए 20.24 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। बैठक में सभी लंबित 100 से अधिक मकानों के नक्शे पास किए गए। बैठक में नप क्षेत्र से अवैध कब्जे हटाने पर प्रस्ताव पारित किया गया। दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नप अध्यक्ष जस्सी राम की अध्यक्षता में हुई बैठक में आने वाले वित्तीय वर्ष के लिए 20.24 लाख का बजट पारित किया गया, जबकि 19.63 करोड़ रुपये खर्चा दिखाया गया। वहीं, 13.50 करोड़ रुपये सरकारी ग्रांट, तीन करोड़ रुपये फीस और टैक्स, 76 लाख रुपये किराया और 56 लाख रुपये ब्याज से आय होगी, जबकि खर्चे में सफाई पर 2.92 करोड़, सीवरेज नाले के रखरखाव पर 2.60 करोड़, स्ट्रीट लाइट पर 1.30 करोड़, पार्क निर्माण पर 1.35 करोड़, रेहड़ी-फडी और पार्किंग के रखरखाव के लिए 1.30 करोड़, वेतन भत्ते केे लिए 1.50 करोड़ और विकासात्मक कार्यों के लिए 5.16 करोड़ रुपये दिखाए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर सभी वार्डों से अवैध कब्जे हटाने का फैसला लिया गया। नेशनल फूड एंड सिक्योरिटी एक्ट के तहत पात्र लोगों को सस्ता राशन उपलब्ध कराने पर भी प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में उपाध्यक्ष मान सिंह मेहता, उर्मिला चौधरी, किरण टी, संतोष देवी, अमरजीत कौर, मोहन लाल, तरसेम चौधरी, सुरजीत चौधरी, दिनेश कौशल, चनन राम, आज्ञा राम, सीता राम, ईओ आरएस वर्मा और लेखाकार खेमचंद भी उपस्थित रहे।