संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/परवाणू। शादी से इनकार करने पर युवक ने युवती पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। मामला कालका-शिमला एनएच स्थित जाबली क्षेत्र का है। घायल युवती को स्थानीय लोगों ने ईएसआई अस्पताल पहुंचाया। यहां उसकी गंभीर हालत को देख प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार जाबली में किराए के कमरे में रहने वाली 22 वर्षीय युवती क्षेत्र के एक उद्योग में कार्य करती है। इससे पहले वह सोलन स्थित फार्मा कंपनी में कार्य करती थी जहां युवक की उससे दोस्ती हुई थी। युवक ने कई बार इससे शादी करने के लिए कहा लेकिन युवती इनकार करती रही।
आरोप है कि युवक ने कई बार इसे धमकाया। युवक के धमकाने पर युवती सोलन से नौकरी छोड़कर जाबली में नौकरी करने लगी। युवक ने इसका पीछा वहां भी नहीं छोड़ा। मंगलवार शाम को छुट्टी करने के बाद युवती जब घर जाने लगी तो लड़के ने चाकू से उस पर हमला कर दिया।
युवती के गले, आंख और बाजू में चोटें आईं हैं। उसे तुरंत उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल परवाणू ले जाया गया। यहां पर प्राथमिक उपचार करने के बाद लड़की को चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। उधर, डीएसपी परवाणू प्रणव चौहान ने बताया कि पुलिस ने आरोपी युवक नितिन निवासी सोलन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच कर रही है।