संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले पहली, तीसरी, छठी और नौवीं कक्षा के करीब चार हजार विद्यार्थियों को निशुल्क स्कूल बैग दिए जाएंगे। शिक्षा विभाग के पास स्कूल बैग के सैंपल पहुंच गए हैं जिन्हें सभी शिक्षा खंडों को बांट दिया है। अगले सप्ताह तक सभी स्कूलों में बैग पहुंचने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग ने बैग की गुणवत्ता और रंग को जांचने के लिए सैंपल शिमला भेजे जाएंगे। इसकी रिपोर्ट आने के बाद मिलान किया जाएगा। अगर सैंपल सही पाए तो विद्यार्थियों को वितरण कर दिया जाएगा।
इन बैगों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की फोटो लगी होगी। प्रदेश सरकार ने खाद्य आपूर्ति निगम के माध्यम से स्कूली बैग खरीदे हैं। जिले के स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थी पिछले दो साल से बैग का इंतजार कर रहे थे।
मुफ्त स्कूली बैग की खेप जल्द शिक्षा विभाग के पास पहुंच जाएगी। इसकी गुणवत्ता और रंग को जांचने के लिए सैंपल शिमला लैब में भेजे जाएंगे। इसके बाद विद्यार्थियों को आवंटन किया जाएगा।
उधर, शिक्षा उपनिदेशक उच्च शिक्षा डॉ. जगदीश नेगी ने बताया कि विभाग के पास बैग के सैंपल पहुंच गए हैं। इनका वितरण सभी शिक्षा खंडों में कर दिया है। बैग की सप्लाई आने के बाद इनका मिलान किया जाएगा। सही पाए जाने पर वितरण शुरू होगा।