बद्दी (सोलन)। औद्योगिक हब बीबीएन में अनाधिकृत तौर पर खुले शराब ठेकों के बिजली-पानी के कनेक्शन काटने के लिए बीबीएनडीए ने कमर कस ली है। क्षेत्र में बिना एनओसी के कुछ ठेके चल रहे हैं। बीबीएनडीए ने आबकारी एवं कराधान विभाग से पत्राचार करने के बाद यह कार्रवाई शुरू की है।
यह कार्रवाई बीबीएनडीए की बिना एनओसी के खुले शराब ठेकों पर होगी। ठेेके खोलने के लिए बीबीएनडीए से एनओसी नहीं ली है। बताया जाता है कि बीबीएन क्षेत्र में हाईवे किनारे अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा है और ऐसी शिकायतें बीबीएनडीए को मिली हैं। इस पर बीबीएनडीए ने जहां ऐसे अनाधिकृत शराब ठेकों के बिजली पानी कनेक्शन काटने के फरमान जारी कर दिए हैं वहीं हाईवे अथारिटी के सुस्त रवैये पर भी सवाल उठाए हैं। किसी भी निर्माण के लिए बीबीएनडीए से नक्शों की स्वीकृति जरूरी है। लेकिन इस मामले में मंजूरी नहीं ली गई केवल पंचायतों की एनओसी पर ही ठेके खोल दिए गए। संयुक्त सीईओ बीबीएनडीए राजीव कुमार ने कहा कि बीबीएनडीए ने आबकारी एवं कराधान विभाग से पत्राचार कर लिया है। संबंधित विभागों को इसकी प्रतियां भेज दी हैं। आगामी दो दिनों में अनाधिकृत शराब ठेकों पर कार्रवाई होगी और इनके बिजली पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
वहीं प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि बीबीएनडीए के पास हाईवे की सड़क किनारे अवैध रूप से अतिक्रमण करने की शिकायतें भी आई हैं। लेकिन संबंधित विभाग पूरी तरह से मूकदर्शक बना बैठा है। बीबीएनडीए के सीईओ केसी चमन ने कहा कि हाईवे किनारे अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ हाईवे अथारिटी से पत्राचार कर उनसे तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह किया जाएगा।