सोलन। विधानसभा क्षेत्र कसौली में दर्जनों कार्यालय डीनोटिफाइड होने के बाद भारतीय जनता पार्टी का गुस्सा फूट गया। धर्मपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री की अगुवाई में धरना प्रदर्शन कर सरकार को इन सभी कार्यालयों को दोबारा शुरू करने को कहा है। कहा, यह कार्यालय नहीं शुरू होते है तो उग्र आंदोलन समेत कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
भाजपा मंडल कसौली की चुनाव के बाद पहली बैठक मनसा माता मंदिर में हुई। बैठक में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल भी मौजूद रहे। जबकि बैठक की अध्यक्षता मंडलाध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा ने की। वहीं बूथ स्तर तक मंथन किया गया। बैठक में चुनाव को लेकर समीक्षा की गई। बैठक के दौरान एक के बाद एक कर बंद हो रहे कार्यालयों को लेकर सदस्यों ने विरोध किया और कहा कि इस पर स्थानीय विधायक विनोद सुल्तानपुरी चुप्पी साधे बैठे हैं।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि भाजपा सरकार ने कसौली की जनता की मांग को देखते हुए धर्मपुर में जल शक्ति विभाग का मंडल कार्यालय खोला था ताकि लोगों को सोलन में न भटकना पड़े। लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही बदले की भावना से कार्य किया और कार्यालय को बंद कर दिया। इसके चलते अब पेयजल स्कीम का कार्य भी बाधित होगा। इसके अतिरिक्त 20 बिस्तरों के आयुष अस्पताल गढ़खल, आयुष हेल्थ सेंटर परवाणू, गागुंडी, कोटीनाभ, नेरीकलां, रणों और जाड़ली स्वास्थ्य सब सेंटर, उप तहसील सुबाथू, वेटनरी अस्पताल भोजनगर और गंभरपुल, सीएचसी सुबाथू, पुलिस पोस्ट भोजनगर को भी डिनोटिफाइड कर दिया है। यह सभी लोगों की मांग को देखते हुए खोले गए थे। लेकिन कांग्रेस सरकार ने लोगों को सुविधा की जगह परेशानी देनी शुरू कर दी है।
वहीं स्कूल और कॉलेजों के भी बंद करने की बात चली हुई है, यह गलत है। उन्होंने कहा कि कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी कार्यालयों को डिनोटिफाइड होता देख रहे हैं और इसे रोकने के प्रयास की बजाए चुप्पी साधे बैठे हैं। जबकि उन्हें इन कार्यालयों में सुविधाओं को ओर बेहतर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार इसी प्रकार सब कुछ बंद करती रही तो भाजपा कोर्ट का दरवाजा खटखटाने के लिए तैयार है। इस मौके पर वरिष्ठ नेता सुंदरम ठाकुर, डेजी ठाकुर, राजकुमार सिंगला समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।