संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। भाटियां से दभोटा तक दो माह पहले की गई टारिंग उखड़ गई है। टारिंग उखड़ने से शुक्रवार को एक ट्रक पलट गया है जिसमें चालक-परिचालक बाल-बाल बच गए। तीन पंचायतों के लोगों ने ठेकेदार से घटिया सामग्री प्रयोग करने का आरोप लगाया है। इसके चलते टारिंग दो माह में ही उखड़ गई है। ग्रामीण शनिवार को होने वाले नालागढ़ के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे।
भाटियां पंचायत में सत्संग भवन से लेकर दभोटा तक टारिंग का कार्य दो महीने पहले हुआ था। भाटियां की उतराई में किया पैचवर्क पूरी तरह से उखड़ गया है। वर्तमान में घनौली मार्ग पर मरम्मत का कार्य चलने से इसे छोटे-बड़े वाहनों के लिए बंद किया गया है।
इसके चलते पंजाब की ओर जाने वाला पूरा ट्रैफिक इसी मार्ग से जा रहा है। भाटियां, सनेड़ और दभोटा पंचायत के लोगों का आरोप है कि विभाग ने जिस ठेकेदार को निर्माण कार्य दिया था, उसने सही काम नहीं किया जिससे पैचवर्क उखड़ गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग खराब होने से शुक्रवार को ट्राला पलट गया जिसमें सवार दो लोग बाल-बाल बचे। लोगों का कहना है कि अगर मार्ग सही होता तो ट्रक नहीं पलटता।
उधर, लोनिवि के सहायक अभियंता राज कुमार ने बताया कि अभी यह कार्य दो साल की गारंटी अवधि में है। ठेकेदार इसे दोबारा ठीक करवाएगा। उन्होंने कहा कि ट्राला ओवर स्पीड होने के कारण पलटा न कि सड़क खराब होने से।