राजगढ़ (सिरमौर)। जिला स्तरीय शिरगुल देवता बैशाखी मेला राजगढ़ इस वर्ष 14 से 16 अप्रैल तक हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मेले के आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम यादवेंद्र पाल की अध्यक्षता में आंबेडकर भवन राजगढ़ में बैठक हुई जिसमें मेले को धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया।
तीन दिवसीय इस मेले का शुभारंभ 14 अप्रैल को क्षेत्र के आराध्य देव शिरगुल महाराज की पारंपरिक पूजा एवं शोभायात्रा से होगा। शोभायात्रा शिरगुल महाराज के मंदिर से आरंभ होगी और शहर की परिक्रमा करते हुए मेला मैदान से होकर वापस शिरगुल मंदिर में आकर समाप्त होगी।
बैठक में मेले के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत रूप रेखा तैयार की गई। इसके तहत विभिन्न उप समितियों का गठन किया गया। मेले में तीनों दिन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा। 16 अप्रैल को विशाल दंगल का आयोजन किया जाएगा। इसमें दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल के नामी पहलवान भाग लेंगे। मेले में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। मेले में एक स्मारिका का भी प्रकाशन किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार राजगढ़ कपिल तोमर, नगर पंचायत राजगढ़ की अध्यक्ष रूबी कक्कड़, उपाध्यक्ष दिनेश ठाकुर और सभी सदस्य, जिला परिषद सदस्य सतीश ठाकुर, प्रताप ठाकुर , उपाध्यक्ष पंचायत समिति जितेंद्र कुमार, नरेंद्र ठाकुर, नरेंद्र चौहान, नवीन शर्मा, जय प्रकाश, साकेश शर्मा, सोम दत्त ठाकुर, सुनील शर्मा, वीरेंद्र ठाकुर, अध्यक्ष व्यापार मंडल राजगढ़ अरविंद राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।