नाहन में शोभा यात्रा के दौरान भक्तों के साथ नंदी पर सवार भगवान शिव।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। महाशिवरात्रि पर्व से पहले भोलेनाथ के जयकारों की नाहन शहर में खूब गूंज रही। रविवार को ऐतिहासिक रानीताल से भोलेनाथ की बारात निकाली गई जिसमें सैकड़ों शिव भक्त शामिल हुए।
बारात के दौरान सिरमौरी संस्कृति की तस्वीर भी देखने को मिली। सिरमौरी वाद्य यंत्रों की गूंज से माहौल संगीतमय रहा। भोले नाथ की बारात में भूत, पिशाच और शिवगणों ने भी हिस्सा लिया। नंदी पर सवार भोलेनाथ ने डमरू पर तांडव भी किया।
शिव की बारात ऐतिहासिक रानीताल से शुरू होकर कच्चा टैंक, मुख्य बाजार छोटा चौंक, बड़ा चौंक, दिल्ली गेट, नया बाजार आदि जगहों से होती हुई वापस रानीताल स्थित शिव मंदिर पहुंची। इस दौरान सैकड़ों श्रद्घालुओं ने शिव के दर्शन कर प्रसाद भी ग्रहण किया। नवयुवा शिव मंडल रानीताल की ओर से हर साल की तरह इस वर्ष भी महाशिव रात्रि के उपलक्ष्य पर शिव की भव्य बारात का आयोजन किया गया। एक मार्च को महाशिवरात्रि पर्व पर दिनभर रानीताल शिव मंदिर में प्रसाद वितरण किया जाएगा। साथ ही चार प्रहर पूजा का भी आयोजन किया जाएगा।
----------बाक्स
नाहन विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने की शोभायात्रा में शिरकत
नाहन। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने भव्य शोभायात्रा में शिरकत की।
उन्होंने भगवान शिव की भव्य बारात को श्रद्धापूर्वक रवाना किया। डॉ. बिंदल ने सभी शिवभक्तों को महाशिवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक-धार्मिक आयोजन से समाज में समरसता, भाईचारा और आपसी सौहार्द की भावना प्रगाढ़ होती है। इस अवसर पर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।