नाहन (सिरमौर)। बरसात से खराब हुई सड़कों की मरम्मत और रखरखाव पर 1.13 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। मौसम ठीक होते ही नाहन विधानसभा क्षेत्र की सड़कों को सुधारने का कार्य शुरू होगा। इसके साथ-साथ नाहन- कुमारहट्टी राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर नाहन से बनेठी और नाहन से दो सड़का सड़क की टारिंग और इसके उन्नयन पर 22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नाहन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत, रखरखाव और उन्नयन के अलावा नए पुलों का निर्माण प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है ताकि सड़कों और पुलों के अभाव में नाहन क्षेत्र का विकास प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि नाहन शहर की सड़कों को लोक निर्माण विभाग और नगर परिषद की ओर से मरम्मत की जाएगी। नगर परिषद नाहन की ओर से विभिन्न सड़कों, छोटे मार्गों की मरम्मत और अन्य विकास कार्यों पर 1.12 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी।
बिंदल ने कहा कि नाहन क्षेत्र को नरेंद्र मोदी सरकार ने एक और बड़े पुल की सौगात प्रदान की है। राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर मारकंडा नदी पर खजुरना में एक नया पुल 30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। इसकी स्वीकृति केंद्र सरकार से मिल गई है। इसके साथ-साथ नाहन शहर को टनल की सौगात देने की दिशा में आगे बढ़े हैं।
केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से टनल के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने और समस्त कार्यों की निगरानी के लिए पांच करोड़ रुपये अनुमानित लागत के कंसलटेंसी टेंडर आमंत्रित किए गए हैं जो आगामी छह अक्तूबर को खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि हालांकि नाहन में टनल निर्माण की यह प्रारंभिक अवस्था है, फिर भी उम्मीद है कि नाहन को टनल की सौगात अवश्य ही मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बढ़ते यातायात को देखते हुए और लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं के दृष्टिगत कालाअंब-पांवटा उच्च मार्ग पर आमवाला सैनवाला में बर्मापापड़ी टर्निंग प्वाइंट, नाहन दो-सड़का, कोलर और धौलाकुआं में चार जंक्शन प्वाइंट्स को विकसित किया जाएगा, जिस पर 4.15 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन जंक्शन प्वाइंट के विकसित होने से जहां दुर्घटनाएं कम होंगी और वहीं सफर सुरक्षित बनेगा।