पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल-हरियाणा राज्य सीमा एनएच मार्ग पर पुलिस टीम ने नाके के दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध से 12.18 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने आबकारी, मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पांवटा थाना पुलिस के मुख्य आरक्षी जगमोहन सिंह, आरक्षी नरेश कुमार और चालक हुकम सिंह की पीसीआर टीम रविवार को गश्त पर निकली थी। टीम को बद्रीपुर से बातापुल और बहराल में पहुंचने पर गुप्ता सूचना मिली कि हरियाणा से एक व्यक्ति नशे की खेप को लेकर हिमाचल के लिए रवाना हुआ है।
इसके बाद पुलिस टीम ने रात के समय नाका लगाया। सतीवाला चौक बहराल मार्ग पर नाके के दौरान एक बाइक छछरोली/यमुनानगर की तरफ से बहराल क्षेत्र में पहुंची जिसे पुलिस ने जांच के लिए रुकवाया। बाइक चालक ने अपना नाम माजरा मैलियों निवासी मुंतजीर (32) बताया। जांच में आरोपी की जेब से एक छोटी प्लास्टिक थैली में बारीक पाउडरनुमा पदार्थ मिला। जांच करने पर पता चला कि थैली में स्मैक है। आरोपी से 12.18 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी माजरा मैलियों निवासी मुंतजीर (32) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।