सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र की 15 पंचायतों के लोगों को स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारग में चिकित्सक नहीं है। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार मांग किए जाने के बाद भी यहां पर चिकित्सक की तैनाती नहीं हो पाई है। नारग व्यापार मंडल और भूतपूर्व अध्यापक संघ सहित स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर रोष बढ़ रहा है।
नारग व्यापार मंडल के प्रधान नरेंद्र शर्मा, पवन सूद, गिरीश साहनी, संजीव व सुशील शर्मा व नारग सब तहसील के अंतर्गत आने वाले भूतपूर्व अध्यापक संघ ने चेतावनी दी है कि शीघ्र ही यहां चिकित्सक की नियुक्ति नहीं की गई तो लोगों को मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
नरेंद्र शर्मा ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले कई महीनों से नियमित रूप से डॉक्टर नहीं है। हाल ही में जिस डॉक्टर को प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया था, वह भी अब नारग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नहीं आ रहे हैं।
इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में क्षेत्र की 15 पंचायतों के लोग इलाज करवाने आते हैं लेकिन चिकित्सक न मिलने के कारण उन्हें अतिरिक्त खर्चा करके सराहां और सोलन जाना पड़ रहा है। गौरतलब है कि इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक सहित स्टाफ नर्स का पद भी रिक्त पड़ा है। केंद्र केवल एक फार्मासिस्ट के सहारे चल रहा है। सरकार और विभाग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के दावे की यहां पोल खुलती नजर आ रही है।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि नारग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर डॉक्टर भेजा गया था जिसका कार्यकाल पूरा हो गया है। केंद्र में रिक्त पड़े पदों की सूचना सरकार और विभाग को भेज दी है। उम्मीद है जल्द ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक समेत अन्य स्टाफ की तैनाती होगी।