नाहन (सिरमौर)। शहर में दिल्ली गेट के समीप मंगलवार रात पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा ने अचानक दबिश दी। उन्होंने आयकर विभाग की सीढि़यों पर अंधेरे में बैठे 5 युवाओं की खूब क्लास लगाई।
इसके बाद पुलिस ने परिजनों को भी सूचना दी। आरोप है कि ये युवा अंधेरे में बैठकर नशा कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवा आयकर विभाग के सीढिय़ों में अंधेरे में बैठकर नशा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सदर थाना नाहन की टीम को साथ लेकर मौके पर पहुंचे।
यहां पुलिस को देख युवकों ने भागने की कोशिश की लेकिन तीन को मौके पर ही दबोच लिया गया। जबकि बाद में दो को भी तलब किया। बाद में इन्हें सदर थाना नाहन लाया गया। पुलिस ने सभी पांचों युवाओं के परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने इन युवाओं की काउंसलिंग करने के साथ-साथ इन्हें परिजनों के हवाले कर दिया।
थाना प्रभारी राजेश पाल ने बताया कि युवाओं की काउंसलिंग कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों को भी सचेत किया गया है।