मझौली गांव में आयोजित जागरूकता शिविर में मौजूद बैंक अधिकारी एवं ग्रामीण।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। राज्य सहकारी बैंक की कच्चा टैंक शाखा ने नाहन पंचायत के मझौली गांव में एक दिवसीय वित्तीय जागरूकता एवं वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अरुण कुमार ने की।
इस मौके पर वार्ड सदस्या अमृता भी मौजूद रहीं। शाखा प्रबंधक अरुण कुमार ने ग्रामीणों को जहां बैंक की विभिन्न योजनाओं प्रधानमंत्री ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री अटल पेंशन योजना सहित किसान क्रेडिट, हिम स्वरोजगार, मुद्रा ऋण आदि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी वहीं लोगों को छोटी-छोटी बचत करने और ऑनलाइन ठगी से बचने का भी आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी बचत पर ध्यान देना चाहिए। इसके लिए बैंक में पैसा जमा करवाना एक अच्छा माध्यम हो सकता है। उन्होंने कहा कि आज की गई छोटी-छोटी बचत कल बुढ़ापे में एक बड़ा सहारा बन सकती है। मुसीबत के समय भी यह राशि काम आ सकती है। शाखा प्रबंधक ने ग्रामीणों से अपने एटीएम कार्ड की जानकारी किसी से भी साझा न करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कुछ शातिर, लोगों को बैंक के नाम से फोन करके उनके एटीएम से संबंधित पूछताछ करते हैं। बैंक कभी भी इस तरह का फोन नहीं करता। लोगों को चाहिए कि वह अपने बैंक खाते और एटीएम की जानकारी किसी को न दें। यदि कोई शंका हो तो सीधे बैंक जाकर पूछताछ करें। इस अवसर पर सहायक प्रबंधक नीतू, सहायक प्रवीण कुमार ने भी लोगों को डिजिटल बैंकिंग की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उनको बैंक में खाते खोलने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
-