नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में चल रहे कुछेक पंपों पर ईंधन का संकट पैदा हो गया है। कुछ पंप खाली हो गए हैं तो किसी में थोड़ा बहुत ईंधन बचा है। पंप मालिकों का कहना है कि पीछे से ईंधन की आपूर्ति नहीं हो रही है। इस वजह से पंप खाली हो रहे हैं। पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति कम हो गई है।
सोमवार सुबह नाहन के सहोत्रा एचपी सेंटर नाहन में सोमवार सुबह 11:00 बजे डीजल खत्म हो गया। यहां 20 हजार लीटर क्षमता वाले टैंक में अब एक भी बूंद डीजल नहीं बचा है। जबकि, पेट्रोल सिर्फ 2500 लीटर शेष है। इस वजह से वाहनों में कम ईंधन डाला जा रहा है ताकि दूसरे वाहन चालक खाली न लौटें।
इसी तरह पांवटा साहिब के तारुवाला-गोंदपुर स्थित एचपीसीएल पेट्रोल पंप पर बीते शनिवार को डीजल और रविवार को पेट्रोल खत्म हो गया। यहां पेट्रोल टैंक की क्षमता 22,000 और डीजल टैंक की क्षमता 45,000 लीटर हैं, जो ईंधन आपूर्ति के बिना सूख गए हैं। पंप के मालिक दीपक गुप्ता ने बताया कि उनके पंप पर नालागढ़ से ईंधन की आपूर्ति होती है, लेकिन अभी आपूर्ति नहीं हुई है।
इसके अलावा रेणुका के खेगुआ स्थित हिंदूस्तान पेट्रोलियम पंप पर भी चार दिन से वाहन चालकों को डीजल और पेट्रोल उपलब्ध नहीं हो रहा है। अभी सिरमौर में चल रहे इंडियन ऑयल के पंपों पर ईंधन की आपूर्ति जारी है। वाहन चालक भी इन्हीं पंपों से ईंधन भरवा रहे हैं।
नाहन के बवेजा इंडियन ऑयल पंप, खादरी व रेणुकाजी स्थित इंडियन ऑयल पंपों पर वाहन की कतारें लग रही हैं। उधर, पांवटा साहिब के नायरा एनर्जी पेट्रोल पंप बेहड़ेवाला में एक दिन का स्टॉक बचा है। वहीं, भारत पेट्रोलियम पेट्रोल बद्रीपुर स्थित पंप पर पेट्रोल 8,000 और डिजल 9,000 लीटर बचा है।
उधर, स्थानीय पेट्रोल पंप संचालकों दीपक गुप्ता व प्रदीप आदि का कहना है कि पहले रोजाना भी पेट्रोल या डीजल की मांग करने पर टैंकर मिल जाता था। अब कंपनियों से ईंधन कम मिल रहा है। कोई न कोई बहाना बना कर आपूर्ति आगे के लिए लटकाई जा रही है। फिलहाल, सभी पंपों पर ईंधन की दरें सामान्य हैं।
..........
नाहन में बबेजा ब्रदर्स पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाता एक कार मालिक। संवाद- फोटो : NAHAN
नाहन में बवेजा पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाते दोपहिया वाहन चालक। संवाद- फोटो : NAHAN